सड़क निर्माण घोटाला: हरदोई में सीएम योगी ने की बड़ी कार्रवाई, एक एसई, दो एक्सईएन समेत 16 अभियंता सस्पेंड
Hardoi road construction scam: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सड़क निर्माण घोटाले में शामिल अधिकारियों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी कार्रवाई की है। मानकों का उल्लंघन कर घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर सड़क का निर्माण कराया गया था।
इस मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद गुरुवार देर शाम एक अधीक्षण अभियंता, दो अधिशासी अभियंता, चार सहायक अभियंता और सात अवर अभियंता को निलंबित कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बड़ी कार्रवाई के बाद पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों में खलबली मची हुई है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हरदोई जनपद में बेहटा-मंसूरनगर मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढीकरण का कार्य, पलिया-लखनऊ राष्ट्रीय मार्ग से रद्देपुर सकतपुर सांडी शाहाबाद मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढीकरण का कार्य, हरदोई-सांडी मार्ग के नवीनीकरण का कार्य, मझिला से खटेली मार्ग का विशेष मरम्मत आदि सड़कों की जांच की गई थी।
बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव अजय चौहान और विभागाध्यक्ष योगेश पवार के नेतृत्व में दो जांच टीमें गठित की गई थीं। दोनों टीमें 10 दिन पहले हरदोई गई थीं और दोनों टीमों द्वारा कुल चार सड़कों का निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा सड़क के निर्माण कार्य में लगाए गए सामग्री के सैंपल लिए गए। सैंपल की जांच की गई तो वह फेल निकले। इसके अलावा जांच में यह भी बात सामने आई कि सड़क के निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी की गई है। मामले की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई के लिए फाइल मुख्यमंत्री के पास भेजी गई थी।
इस मामले में मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। साथ ही बताया है कि आने वाले जिलों में बनी सड़कों की भी जांच कराई जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ निलंबन के साथ ही आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
इन लोगों के खिलाफ हुई है कार्रवाई
हरदोई में सड़क निर्माण में धांधली किए जाने के चलते तत्कालीन अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र, अधिशासी अभियंता सुमंत कुमार व शरद कुमार मिश्रा, सहायक अभियंता रीतेश कटियार, कृष्णकांत मिश्रा, संतोष कुमार पांडेय, जीएन सिंह व राजवीर सिंह तथा अवर अभियंता मोहम्मद शोएब, राजीव कुमार, अमर सिंह, रुचि गुप्ता, सत्येंद्र कुमार, अवधेश कुमार गुप्ता, मकरंद सिंह यादव और वीरेंद्र प्रताप सिंह को निलंबित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications