Hardoi Accident: दो सगे भाई, पिता-पुत्र समेत छह की मौत, शादी से लौटते वक्त हरदोई में हुआ बड़ा हादसा
Hardoi Accident: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बारात से लौट रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार एक ही परिवार के थे।
यह हादसा हरदोई के मंझिला थाना क्षेत्र के भूपापुरवा मोड़ के पास हुई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार 11 में से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने इलाज के दौरान लखनऊ ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही मरने वाले लोगों के घरवाले और रिश्तेदार भी अस्पताल में पहुंच गए। घटना से शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया। वहीं पुलिस अधिकारियों द्वारा हादसे की जांच की जा रही है।
शादी के बाद लौट रहे थे बाराती
बताया जा रहा है कि पाली कस्बे के मोहल्ला पटियानीम निवासी सेवकराम कश्यप के बेटे नीरज की बारात शुक्रवार रात मंझिला थाना क्षेत्र के कुसुमा गांव गई थी। बारात में सेवकराम के रिश्तेदार जितेंद्र कश्यप, उनके छोटे भाई आकाश, बेटा सिद्धार्थ और बहनोई जौहरी सहित कई रिश्तेदार और गांव वाले शामिल हुए थे।
रात में शादी की सभी रस्में प्रारंभ होने के बाद देर रात करीब 1 बजे कुछ बाराती बारात से वापस लौट रहे थे। लौटते समय 11 लोग एक ही कार में सवार होकर घर वापस आ रहे थे। कार जैसे ही भूपापुरवा मोड़ के पास पहुंची, चालक संतुलन खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
पांच लोगों की मौके पर ही हो गई मौत
घटना की सूचना मिलते ही मंझिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को शाहाबाद सीएचसी भेजा। डॉक्टरों ने वहां पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान जितेंद्र (35), सिद्धार्थ (5), आकाश (22), जौहरी (40), रामू (25, ड्राइवर), और उदयवीर (18) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में मरने वाले चार सदस्य एक ही परिवार के थे।
हादसे में घायल हुए नरेंद्र (18), रंजीत (18), अमन (21), परविंद (18), नीरज (17) और अनिल (24) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है।
घटना की जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन के कारण हुआ।
जिन घरों में कुछ घंटे पहले शादी की शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब सिर्फ मातम है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों के घरों में सन्नाटा पसरा है और हर किसी के जुबान से हादसे को ही लेकर चर्चा सुनने को मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications