हरदोई में हादसा: बारातियों से भरी बोलेरो बस से टकराई, 5 की मौत, दूर तक बिखरे दिखे वाहन के पार्ट्स
हरदोई में हादसा: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरदोई में बारातियों से भरी बोलेरो कार बस से टकरा गई। हादसे में पांच बारातियों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Recommended Video
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से शुरू हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को समुचित उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, हरदोई के रहने वाले नौ लोग बोलेरो में सवार होकर कानपुर जनपद के बघौली में बारात में शामिल होने के लिए गए हुए थे। बारात में शामिल होने के बाद सभी लोग रात में ही बोलेरो में बैठकर वापस लौट रहे थे। सभी लोग हरदोई के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गौरी चौराहे पर पहुंचे थे।
इसी दौरान कटरा-बिल्हौर मार्ग पर पहुंचने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार की बस में बोलेरो की टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो के पार्ट्स दूर-दूर तक जा गिरे। हादसे में हरदोई के सेउदही थाना क्षेत्र के रहने वाली 40 वर्षीय सीमा देवी, 42 वर्षीय प्रतिभा देवी, 32 वर्षी प्रतिमा देवी, 52 वर्षीय रामबली और 28 वर्षीय बोलेरो चालक शुभम आदि पांच लोगों की मौत हो गई।
उसके अलावा इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिसमें विमला, केशव, शौर्य और अजीत का नाम शामिल है। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना स्थल पर पहुंची पुलिस द्वारा फोन करके मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं दुर्घटना स्थल पर क्षतिग्रस्त पड़े बस और बोलेरो को क्रेन की मदद से पुलिस ने किनारे कराया। पुलिस द्वारा बताया गया कि बस चालक फरार है उसकी तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications