शराब पीकर रिटायर्ड अफसर ने घर में पिस्टल से किए छह फायर, बेटे-बहू जान बचाकर भागे
हरदोई। उत्तर प्रदेश में शराब की दुकानें खुलने के अगले ही दिन से नशे में धुत लोगों के तांडव सामने आने लगे हैं। हरदोई में बेटे और बहू से नाराज एक बुजुर्ग ने शराब पीकर घर में ही लाइसेंसी पिस्टल तड़तड़ाकर दहशत फैला दिया। बुजुर्ग को फायर करते देख बेटे-बहू जान बचाकर भागे और खुद को कमरे में बंद कर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस तो बुजुर्ग ने अपने आपको घर के वॉशरूम में कैद कर लिया। पुलिस ने बहुत कोशिश की लेकिन जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो उसे तोड़कर उनको पकड़ा। पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया है।

मामला शहर कोतवाली के अशराफटोला विष्णुपुरी इलाके का है जहां परिवहन विभाग के एक रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारी रतन बाबू गुप्ता ने शराब पी ली और नशे में वो लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायर करने लगे। बताया जा रहा है कि वे बेटे-बहू से नाराज थे जिस वजह से उन्होंने नशे में आपा खो दिया और घर में पिस्टल से छह फायर किए। पिता का रौद्र रूप देख बेटा अपनी पत्नी के साथ जान बचाकर भागा और खुद को दोनों ने कमरे में बंद कर लिया।
मोहल्ले के लोगों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी तो दहशत फैल गई। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस तो घर का दरवाजा बंद मिला। पुलिस दरवाजा तोड़कर घर के अंदर गई तो रिटायर्ड अधिकारी ने खुद को वॉशरूम में बंद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने वॉशरूम का दरवाजा भी तोड़ दिया और रिटायर्ड अफसर को हिरासत में ले लिया। घर की तलाशी में पुलिस ने रिटायर्ड अफसर के कमरे से एक लाइसेंसी पिस्टल और दो अवैध असलहे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस बारे में बताया कि रतन बाबू गुप्ता को हिरासत में लेकर उनको जेल भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications