दुल्हन की विदाई से पहले दूल्हे की मां-भाई की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव, बैरंग लौटी बारात
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पता चला कि दूल्हे का भाई और मां कोरोना पॉजिटिव हैं। जानकारी मिलते ही वहां मौजूद लोग सन्न रह गए। धीरे-धीरे करके लोग वहां से खिसक लिए। विदाई से पहले दुल्हन को होम क्वारंटाइन करा दिया गया और दूल्हा व बरात बैरंग लौटा दी गई। दुल्हन के घर के बाहर 'कोविड-19 मिलने पर क्वारंटाइन किया हुआ घर' लिखा हुआ नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
पल भर में काफूर हो गई खुशियां
जिले के क्वेटरा डेरा मजरा निवासी छेदालाल की बेटी गायत्री की कुरारा क्षेत्र के मंगलपुर गांव से बरात आई थी। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए नियमों का पालन किया गया। छेदालाल ने बरातियों का स्वागत किया। दूल्हे के साथ बराती नाचते हुए दरवाजे पहुंचे तो द्वारचार और अगवानी की गई। रात में दूल्हा दुल्हन के भांवरों की रस्म पूरी हुई। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन नया जीवन शुरू करने का तानाबाना मन ही मन बुन रहे थे, लेकिन अचानक ऐसी खबर आई कि उनकी खुशियां पल भर में काफूर हो गईं।
होम क्वारंटाइन हुई दुल्हन, दूल्हे समेत बैरंग लौटे बाराती
कन्या पक्ष दुल्हन की विदाई की तैयारी कर रहा था, इसी बीच सूचना मिली कि दूल्हे का भाई व मां की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह जानकारी होते ही वहां हड़कंप मच गया। कन्या पक्ष भी दुल्हन की विदाई को लेकर पशोपेश में पड़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों में पंचायत का सिलसिला शुरू हो गया। कन्या पक्ष ने एहतियातन दुल्हन की विदाई ना करने का निर्णय लिया और दूल्हा व बाराती बैरंग लौट गए।
स्वास्थ विभाग की टीम ने 16 लोगों को किया होम क्वारंटाइन
छेदालाल निषाद ने बताया कि एहतियातन बेटी को विदा नहीं किया गया है। उसे होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। सबकुछ सामान्य होने के बाद विदाई की जाएगी। बता दें, दूल्हे के भाई व मां की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सीएचसी सरीला की स्वास्थ्य कर्मियों की टीम व विकास खंड कर्मचारी छेदालाल के घर पहुंच गए। टीम ने छेदालाल निषाद सहित संपर्क में आए सभी 16 लोगों की जांच कर होम क्वारंटाइन कर दिया है। दुल्हन बनी गायत्री भी हाथों में मेहंदी लगाए होम क्वारंटाइन कर दी गई है। ग्राम पंचायत सचिव व निगरानी टीम के सदस्यों ने कन्या पक्ष के घर के दरवाजे पर नोटिस चस्पा कर दिया है।
यूपी में कोरोना वायरस के 476 नए मरीज मिले, 24 घंटे में हुई 18 की मौत