सामूहिक हत्याकांड में सजायाफ्ता BJP MLA अशोक चंदेल ने कोर्ट में किया सरेंडर, पुलिस का समर्थकों पर लाठीचार्ज
हमीरपुर। 22 वर्ष पूर्व सामूहिक हत्याकांड में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद मुख्य अभियुक्त भाजपा विधायक अशोक सिंह चंदेल समेत छह सजायाफ्ता अभियुक्तों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। विधायक के साथ दो हजार से ज्यादा समर्थक भी पहुंचे थे, जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा।
हाईकोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा
दरअसल, सामूहिक हत्याकांड में हाईकोर्ट से उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद भाजपा विधायक आशोक सिंह चंदेल समेत नौ सजायाफ्ता लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश कर रही थी। सोमवार की सुबह अशोक चंदेल समेत छह सजायाफ्ता अभियुक्तों ने कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
समर्थकों का हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
बता दें, भाजपा विधायक के साथ दो हजारा से ज्यादा समर्थकों की भीड़ भी आई थी, जो कोर्ट परिसर में घुस रही थी। हालांकि, पुलिस ने पहले इन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन जब समर्थक उग्र होने लगे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा और कोर्ट का मेन गेट बंद कर दिया।
ये भी पढ़ें: 10 साल से कानपुर की जेल में बंद पाक युवक रिहा, लौटेगा अपने वतन