उमा भारती ने प्रीतम सिंह लोधी की थपथपाई पीठ, बोली- माफी नहीं देना अपराध, प्रीतम को बताया शोषितों की आवाज
मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती ने कहा कि प्रीतम संकट के समय में मेरे साथ खड़ा रहा। वे मेरा हनुमान है। प्रीतम ने शोषितों के लिए लगातार काम किया है, इसलिए मैंने उन्हें आशीर्वाद भी दिया है।

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने बीजेपी से निष्कासित अपने रिश्तेदार प्रीतम सिंह लोधी से मुलाकात की। उमा भारती प्रीतम सिंह लोधी के घर पर पहुंची और वहां पर चौपाल लगाई। उमा भारती ने प्रीतम लोधी को बीजेपी द्वारा माफ नहीं करने पर उसे अपराध बताया। उमा भारती ने कहा कि प्रीतम सिंह लोधी ने अपनी भूल के लिए पार्टी से माफी मांग ली थी, लेकिन उन्हें माफी नहीं देना अपराध है। उन्होंने प्रीतम सिंह लोधी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि गरीबों और पिछड़ों की आवाज बने रहना।
Recommended Video

उमा का दिखा पुराना अंदाज
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती रविवार को ग्वालियर दौरे पर थी। लगातार शराब नीति का विरोध करने वाली उमा भारती ग्वालियर में कुछ अलग अंदाज में दिखाई दी। उनका ये अंदाज, वही अंदाज था, जब वे मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री बनने के लिए चुनावी मैदान में उतरी थी। इस दौरान भी उमा भारती अपने समर्थकों के यहां जाकर चौपाल लगाया करती थी। उमा का वही अंदाज आज देखने को मिला,लेकिन उन्होंने जिसके यहां चौपाल लगाई वे बीजेपी से निष्कासित नेता प्रीतम सिंह लोधी है, जो अब ओबीसी महासभा के नेता हैं। हालांकि उमा भारती ने इसको लेकर सफाई भी दी।

मैंने प्रीतम के घर आकर कोई गलती नहीं की- उमा
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि मैं भाजपा से निष्कासित प्रीतम के घर आई हूं, तो इसमें बुराई नहीं है। भाजपा के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री जयंत मलैया को भी नोटिस मिला था। उनका बेटा अभी भी पार्टी से निष्कासित है। हाल ही में बीजेपी के कई नेता उनका जन्मदिन मनाने उनके घर पर पहुंचे थे। ऐसे में मैं अगर प्रीतम के घर नहीं आती, तो पिछड़ा वर्ग को लगता है कि मैं उन्हें भूल गई हूं। प्रीतम ने शोषितों के लिए लगातार काम किया है, इसलिए मैंने उन्हें आशीर्वाद भी दिया है।

प्रीतम ने माफी मांग कर फर्ज निभाया : उमा
उमा भारती ने प्रीतम लोधी से कहा कि यह मतभेद तुम्हारी असंयत भाषा से हो गया। इसको तुमने माफी मांग कर ठीक कर लिया, लेकिन माफी नहीं देना अब उनका अपराध है। माफी मांगकर इसने अपना धर्म पूरा कर लिया। हाथ जोड़कर माफी मांगी, पांव पकड़कर माफी मांगी। अब अगर माफी नहीं दी गई है, तो यह बड़ी भारी भूल है। इसके बाद भी माफ नहीं करोगे तो आप चाहते हैं कि लोग गलतियां करते रहे। अगर लोग उनकी गलतियों का प्रायश्चित करते हैं तो उनको पूर्ण संरक्षण प्राप्त होना चाहिए। इसलिए मैं प्रीतम को पूरी तरह से आशीर्वाद देती हैं गरीब और शोषित की हमेशा आवाज बने रहना।

प्रीतम को बीजेपी से निष्कासित होने के बाद बताया लोकप्रिय नेता
उमा भारती ने प्रीतम सिंह लोधी की तारीफ करते हुए कहा कि बीजेपी से निष्कासित होने के बाद से प्रीतम कई गुना लोकप्रिय हो गए हैं। उमा भारती ने प्रीतम लोधी के कार्यों की प्रशंसा की। उनका कहना था कि अनजाने में उसके बोलने से कुछ मतभेद हो गए। उन्होंने कहा कि प्रीतम को आज से नहीं, बल्कि उस समय से जानती हूं जब 1989 में वह मेरे लिए चुनाव प्रचार करने आए थे। उन्होंने मेरे चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी। मेरे लिए कई बार उसने जिंदगी दांव पर लगाई है। इस दौरान उमा ने एक बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि मेरे कहने पर प्रीतम सिंह लोधी ने 30 साल पहले शराब छोड़ दी थी अब समय आ गया है कि हम शराबबंदी को लेकर संकल्प लें।












Click it and Unblock the Notifications