प्रेमी ने प्रेमिका की गोली मारकर की हत्या, फिर खुद भी दे दी जान
ग्वालियर, 17 मई। ग्वालियर में खून से लथपथ एक प्रेम कहानी का अंत हो गया। सोमवार की रात को प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी और मंगलवार की सुबह प्रेमी ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। प्रेमिका की हत्या मुरार इलाके में की गई और गोला का मंदिर इलाके में प्रेमी ने खुद की जान ले ली।

दरअसल इस खौफनाक प्रेम कहानी में प्रेमी का नाम गिर्राज कटारे और प्रेमिका का नाम साक्षी गुप्ता है। बताया गया है कि साक्षी गुप्ता और गिर्राज कटारे के आपस में प्रेम संबंध थे। साक्षी गुप्ता की 4 अप्रैल को शिवपुरी में सगाई तय हो गई और 21 जून को शादी का मुहूर्त भी निकल आया। इसी बात से गिर्राज कटारे आक्रोशित हो गया। गिर्राज ने सोमवार की रात को बैजल कोठी स्थित गीतांजलि स्कूल के पास साक्षी गुप्ता को सिर में गोली मार दी।
अस्पताल में डॉक्टर ने किया साक्षी को मृत घोषित
साक्षी को गोली मारने के बाद गिर्राज कटारे मौके से फरार हो गया। घायल साक्षी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां डॉक्टर ने साक्षी को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गिर्राज कटारे की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी थी।
गोला का मंदिर इलाके के खेल मैदान में पड़ा मिला प्रेमी गिर्राज कटारे का शव
साक्षी को गोली मारने के बाद गिर्राज कटारे फरार हो गया था। पुलिस ने गिर्राज कटारे को पकड़ने के लिए गिर्राज के घर वालों पर भी दबाव बनाना शुरू कर दिया था। मंगलवार की सुबह पुलिस को जानकारी मिली कि गिर्राज कटारे ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। गिर्राज की लाश गोला का मंदिर थाना इलाके में खेल मैदान में पड़ी मिली और लाश के पास ही हथियार भी पड़ा हुआ था। गिर्राज के कपड़ों की जेब से एक पिस्टल और कारतूस भी मिले हैं।
परिजनों ने रात भर गिर्राज को ढूंढा, सुबह मिली मौत की खबर
गिर्राज कटारे के भाई दिनेश कटारे ने बताया कि जब पुलिस ने उन पर दबाव बनाया तो उन्होंने रात भर गिर्राज को अपने रिश्तेदारों के घर तलाश किया लेकिन सुबह होते ही उन्हें गिर्राज की मौत की खबर मिल गई। दिनेश कटारे ने बताया कि जिस लड़की से गिर्राज प्यार करता था, उसके पूरे परिवार को गिर्राज आर्थिक रूप से सहायता भी करता था। लड़की के परिजनों ने गिर्राज को भरोसा दे रखा था कि वह लड़की की शादी उससे ही करवाएंगे लेकिन जब उन्होंने लड़की की शादी कहीं और तय कर दी गिर्राज डिप्रेशन में चला गया है और इसी वजह से यह सब घटनाक्रम हो गया।