MP News: 'क्या खुद को शेर समझते हैं?' – हाईकोर्ट ने ग्वालियर कलेक्टर को लगाई कड़ी फटकार
Gwalior News: हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ की एकल बेंच ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी रामकुमार गुप्ता के मामले में सुनवाई करते हुए ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि अधिकारी ऑफिस में बैठकर खुद को शेर समझते हैं और किसी की नहीं सुनते, यहां तक कि कोर्ट को भी गंभीरता से नहीं लेते। साथ ही, हाईकोर्ट ने ग्वालियर कलेक्टर से सवाल किया कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है।
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने अदालत में कहा कि उन्होंने तहसीलदार को तलब किया है और लोक निर्माण विभाग की सेन्ट्रल पार्क के सामने वाली संपत्ति को कुर्क किया गया है। हालांकि, कोर्ट ने इस उत्तर से असंतोष जाहिर करते हुए कलेक्टर को आदेश की अवमानना का दोषी माना और उन्हें 11 मार्च को फिर से सुनवाई के लिए तलब किया।

पूरा मामला समझे
रामकुमार गुप्ता ग्वालियर लोक निर्माण विभाग में उपयंत्री के पद पर वर्गीकृत किए गए थे। इसके बाद उन्हें नए वेतनमान के अनुसार भुगतान किया जाना था, लेकिन विभाग ने भुगतान नहीं किया। इस पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। श्रम न्यायालय ने उनके पक्ष में निर्णय देते हुए 17 लाख 61 हजार रुपये के भुगतान का आदेश दिया था। लेकिन विभाग ने आदेश का पालन नहीं किया।
रामकुमार गुप्ता ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई, जिसमें उनके वकील अभिषेक अग्रवाल ने तर्क दिया कि 2018 में ही आरआरसी का पालन करने का आदेश दिया गया था, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस कारण 2018 में ही अवमानना याचिका दायर की गई थी, लेकिन कलेक्टर द्वारा अब तक आरआरसी का पालन नहीं कराया गया।
मामले की महत्वपूर्ण टाइमलाइन
- 12 जुलाई 2017: श्रम न्यायालय ने आरआरसी जारी की।
- 25 जुलाई 2017: कलेक्टर को आरआरसी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी गई।
- 21 दिसंबर 2018: हाईकोर्ट ने अवमानना का नोटिस जारी किया।
- 29 जनवरी 2018: जस्टिस आनंद पाठक ने आदेश का 45 दिन में पालन कराने के निर्देश दिए।
- 2018 से 2025 तक: सात साल बीतने के बावजूद आदेश का पालन नहीं हुआ और भुगतान लंबित रहा।
- 8 मार्च 2025: हाईकोर्ट ने ग्वालियर कलेक्टर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा और कड़ी फटकार लगाई।
सात वर्षों में कलेक्टरों का बदलाव
2018 से अब तक इस मामले में कई कलेक्टर बदले गए, लेकिन किसी ने भी कोर्ट के आदेश का पूरी तरह पालन नहीं किया। इस अवधि में ग्वालियर में नियुक्त कलेक्टर निम्नलिखित रहे:
- राहुल जैन (2018)
- अशोक कुमार वर्मा
- भरत यादव
- अनुराग चौधरी
- कौशलेंद्र विक्रम सिंह
- अक्षय कुमार सिंह
- रुचिका चौहान (वर्तमान कलेक्टर)












Click it and Unblock the Notifications