Gwalior News: ऐसा क्या हुआ जो शिवानी को करनी पड़ी लड्डू गोपाल से शादी? लोग बोले- कलयुग की मीरा
Gwalior News: ग्वालियर की रहने वाली शिवानी ने जीवन भगवान कृष्ण को समर्पित कर दिया। 23 साल की बीकॉम पास शिवानी परिहार ने रामनवमी के दिन पूरे रस्मो रिवाज के साथ भगवान लड्डू गोपाल से शादी रचाई।
वृंदावन से उनकी बारात ग्वालियर आई और सभी परंपरागत रस्मों- रिवाज के साथ यह अनोखा विवाह सम्पन्न हुआ। विवाह में आए सभी बारातियों का भव्य स्वागत भी हुआ और मंगल बधाई गीत भी गए गए।

आपको बता दें कि ग्वालियर के नई सड़क पर रहने वाली शिवानी को बचपन से ही भगवान लड्डू गोपाल के प्रति भक्ति भाव था। फिर युवा होने के बाद उसने तय कर लिया कि वह भगवान कृष्ण से ही विवाह करेगी।
शिवानी के पिता राम प्रताप परिहार ग्वालियर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते है। वहीं मां मीरा परिहार गृहणी है। इनकी 2 बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं शिवानी ने अपना जीवन लड्डू गोपाल की भक्ति में लीन करने का संकल्प लिया था।
बुधवार को विधि विधान के साथ ग्वालियर के कैंसर हिल इलाके में मंदिर में विवाह का आयोजन किया गया जहां वृंदावन से उनकी बारात पहुंची बारात की आव भगत भी हुई और स्वागत भी हुआ और फिर विवाह की रस्में शुरू हुई और पूरे धार्मिक विधि विधान शिवानी का लड्डू गोपाल के साथ विवाह संपन्न हुआ।
विवाह के बाद शिवानी भगवान लड्डू गोपाल के साथ ही वृंदावन रवाना होगी और वहां गीता का अध्ययन करेगी। शिवानी की इस अनोखी शादी की पूरे शहर में चर्चा है। शिवानी की शादी के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में उनके रिश्तेदार नातेदार पड़ोसी और अन्य लोग भी पहुंचे जहां पैर पूजा की रस्म में शिवानी को उपहार भी भेंट किए। शिवानी का कहना है कि वह अपना जीवन अब लड्डू गोपाल को समर्पित कर चुकी है और भगवान की भक्ति में ही पूरा जीवन बिताएंगी।

1 महीने पूर्व शादी की कर चुकी थी घोषणा
शिवानी करीबन एक महीने पूर्व ही घोषणा कर चुकी थी कि वह भगवान लड्डू गोपाल से शादी रचाएंगी। उसके बाद ही शादी की तैयारी शुरू हो गई थी कार्ड भी छप गए थे और बुधवार को पूरे विधि विधान से शिवानी का विवाह संपन्न हुआ।
संवाद सूत्र: पंकज श्रीमाली, ग्वालियर/मध्य प्रदेश












Click it and Unblock the Notifications