'बीजेपी नेता पश्चिम बंगाल से काला जादू पढ़ कर आए हैं क्या'- डॉक्टर गोविंद सिंह
ग्वालियर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविंद सिंह ने बीजेपी पर साधा निशाना
ग्वालियर, 9 जुलाई। ग्वालियर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने बीजेपी पर जमकर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि बीजेपी नेता क्या बंगाल से काला जादू पढ़कर आए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अन्य मुद्दों पर भी मीडिया से खुलकर बातचीत की।

क्या बीजेपी नेता बंगाल से काला जादू पढ़कर आए हैं
नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जिस तरीके से बीजेपी नेता इस बात की घोषणा कर देते हैं कि सभी नगरीय निकाय पर उनकी जीत होगी तो क्या वे बंगाल से काला जादू पढ़कर आए हैं जो उन्हें सब कुछ पहले से ही मालूम चल जाता है। डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा कि यह सभी झूठ बोलने वाले लोग हैं उन्हें कैसे मालूम हो सकता है कि सभी 16 नगर निगम सीट पर उनका भारी बहुमत आ रहा है।
चुनाव आयोग की टिप्पणी का किया समर्थन
नेता पर डॉक्टर गोविंद सिंह ने चुनाव आयोग की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा है प्रजातांत्रिक देश में प्रजातंत्र से बढ़कर कोई पूजा नहीं है, जिन प्रत्याशियों ने मेहनत की है उनका मनोबल नहीं गिराना चाहिए, गुरु पूर्णमा के नाम पर भाजपा ने साजिश के तहत चुनाव आयोग से मांग की है, पूजा तो रोज आती है इस तरीके की पूजा आने से क्या चुनाव रोका जा सकता है।
18 तारीख की मतगणना को आगे बढ़ाने का किया समर्थन
नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने 18 जुलाई को होने जा रही मतगणना की डेट को आगे बढ़ाए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होने जा रहा है इसलिए मतगणना को 18 जुलाई की जगह 20 जुलाई को करवाया जाए क्योंकि सभी कांग्रेस के विधायक अपने क्षेत्र में रहना चाहते हैं जिससे कोई गड़बड़ी ना हो सके।
मिर्ची बाबा ने जो कहा वो उचित नहीं है
नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने मिर्ची बाबा के उस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी है जिसमें मिर्ची बाबा ने कहा था कि काली जैसी फिल्म बनाने वाले लोगों का सिर काट कर जो कोई लाकर देगा उसे 20 लाख रुपए मिर्ची बाबा देंगे। इस बयान पर डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा है कि मिर्ची बाबा ने जो कहा उसे मैं सहमत नहीं हूं, प्रजातंत्र में सजा देने का अधिकार सिर्फ न्यायालय को है अगर मिर्ची बाबा को कोई तकलीफ थी तो उन्हें वैधानिक रूप से बात करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्वतंत्र पार्टी है हमारे यहां फ्रीस्टाइल चलता है हर आदमी की विचारधारा स्वतंत्र है लेकिन मिर्ची बाबा की बात से मैं सहमत नहीं हूँ।
असत्य बोलने में बीजेपी को मिल जाएगा गोल्ड मेडल
नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा है कि असत्य बोलने में बीजेपी वालों को गोल्ड मेडल मिलना चाहिए, जनता शिवराज सिंह के चेहरे से ऊब चुकी है, 18 साल से घोषणा सुनकर लोगों को बीजेपी के प्रति नाराजगी हो गई है इसलिए जनता ने कम मतदान किया है।












Click it and Unblock the Notifications