जेपी नड्डा के साथ सिंधिया की इन नजदीकियों के क्या है मायने, एग्जिट पोल के बाद स्वागत करते दिखे सीएम शिवराज
MP Election 2023: एग्जिट पोल के नतीजों के बाद भाजपा नेताओं का जोश हाई है। एमपी में भी भाजपा को बंपर सीटें मिलती हुईं दिखाई गई हैं। एग्जिट पोल के बाद से भारतीय जनता पार्टी के खेमे में खुशी का माहौल है। इन सबके बीच भाजपा में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर सवाल पूछे जाने लगे हैं और ऐसे में एक तस्वीर पूरे एमपी में चर्चा का विषय बन गई है।
दरअसल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 1 दिसंबर को ग्वालियर पहुंचे लेकिन जिस विमान से वे ग्वालियर पहुंचे उसमें उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी सवार थे और ग्वालियर एयरपोर्ट पर अगवानी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करते हुए दिखे हैं।

इस तस्वीर के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पत्रकारों ने सवाल भी किया कि यदि भाजपा फिर से सत्ता में आ जाती है तो क्या पांचवीं बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही बनेंगे तो इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिर्फ भाजपा को जिंदाबाद बोलते हुए निकल गए।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर कोई जवाब नहीं दिया। वे सिर्फ भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए निकल गए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने परिवार के साथ दतिया स्थित पीतांबरा माता के दर्शन के लिए आए हैं। लेकिन दिल्ली से उनके साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया भी साथ में आए हुए थे। ऐसे में कयास लगाए जाने लगे कि आखिर जेपी नड्डा के साथ सिंधिया की इन नजदीकियों के मायने क्या है।
लोग तब आश्चर्य में पड़ गए जब दोनों की अगवानी करने ग्वालियर एयरपोर्ट पर खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंच गए। उनके साथ गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी ग्वालियर एयरपोर्ट पर मौजूद थे।
एग्जिट पोल आने के बाद अब सभी की निगाह तीन दिसंबर पर लग गई है, जब काउंटिंग होगी और हर सीट के रिजल्ट सामने आएंगे। भाजपा खेमा एग्जिट पोल के आने के बाद से आत्मविश्वास में हैं कि उनकी सरकार बंपर सीटों के साथ सत्ता में वापसी कर रही है और ऐसे में अब भारतीय जनता पार्टी खेमे में सीएम कौन बनेगा, इसे लेकर सवाल खड़े होना शुरू हो गए हैं।
सीएम शिवराज सिंह चौहान तो इस रेस में सबसे आगे है ही लेकिन भारतीय जनता पार्टी के अंदर और राजनीतिक पंडित भी अनुमान लगाने लगे हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया भी भाजपा के अगला मुख्यमंत्री चेहरा हो सकते हैं। फिलहाल सभी को 3 दिसंबर का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications