Gwalior News: दलित दूल्हे को बग्घी से पीट-पीट कर पटका, दबंगों ने बारातियों पर की फायरिंग
Gwalior News: मध्य प्रदेश में एकबार फिर दबंगों द्वारा दलित दूल्हे और बारातियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। ग्वालियर में दबंगों ने दलित दूल्हे को ना केवल बग्घी से नीचे गिराकर पीटा बल्कि बग्घी की छतरी तोड़कर नाले में फेंक दी और रोड लाइट भी फोड़ डालीं। दबंगों ने बारात के बीच घुसकर बंदूकों से हवाई फायर किए और दूल्हे की सोने चेन भी लूट ली।
यह घटना सिर्फ इस वजह से हुई है कि दलित की बारात दबंगों के घरों के सामने से निकल रही थी। इसी बात से नाराज होकर दबंगों ने बारात में घुसकर जमकर उत्पाद मचाया है। उन्होंने दूल्हे और बारातियों को जातिसूचक गालियां भी दीं साथ ही घरों की छतों से पानी भी फेंका। इस घटना में दूल्हे पक्ष ने पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है।

पूरा मामला करहिया गांव में मंगलवार 21 मई की रात का है। बारात रिठोदन से करहिया आई थी। दूल्हे के भाई ने करहिया थाने में आरोपियों पर मारपीट और एट्रोसिटी एक्ट में मामला दर्ज कराया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत की गई है। उनका आरोप है कि बाराती नाचते हुए नोट लुटा रहे थे, जो कि महिलाओं पर गिरे। जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो वे नहीं माने और उल्टा झगड़ने लगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी मुताबिक दूल्हे नरेश जाटव की बारात ग्राम रिठोदन से करहिया आई थी। बारात निकलने के दौरान बाराती डांस करते हुए चल रहे थे। इसी दौरान बारात जब संजय नाम के शख्स के घर के सामने से निकली, तो वो भड़क गया। इसके बाद वो अपने साथियों दलबीर, संदीप और अनिल रावत के साथ मिलकर बारात में घुस गया और दूल्हे नरेश जाटव को बग्घी से पटककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं दूल्हे को बचाने आए बारातियों के साथ भी दबंगों ने जमकर मारपीट की। साथ ही डीजे बजाने वालों को भी पीटा और उसमें लगीं डिस्को लाइट्स को तोड़ दिया और साउंड सिस्टम को भी उखाड़ने का प्रयास किया गया। इसके अलावा उन्होंने बारातियों में दहशत फैलाने के मकसद से बंदूक और कट्टों से हवाई फायर किए।
दूल्हे के रिश्ते के भाई रिंकू जाटव की जानकारी अनुसार आरोपी उनके घर के सामने से बग्घी में बैठकर निकलने का विरोध कर रहे थे। मामले की सूचना मिलते ही करहिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराकर बारात को आगे बढ़ाया।
इस घटना में एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि बारात पर हमला हुआ है और दूल्हे से मारपीट की शिकायत हुई है। मामला दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष ने भी महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications