जुबानी जंग पोस्टर पर आई : ज्योतिरादित्य सिंधिया को पूर्व कमलनाथ की पीठ में छुरा घोंपते दिखाया
ग्वालियर, 7 मई। मध्य प्रदेश में केंद्रीय ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व सीएम कमलनाथ के बीच सियासी जंग किसी से छुपी नहीं है। ज्योतिरादित्य की बगावत के चलते ही मध्य प्रदेश में कमलनाथ की सरकार गिरी थी और सत्ता में शिवराज सिंह चौहान की वापसी हुई थी। कमलनाथ और ज्योतिरादित्य के बीच अब तक तो जुबानी जंग ही चल रही थी, मगर अब यह जंग पोस्टर पर उतर आई है। ऐसा ही एक विवादित पोस्टर ग्वालियर में देखने को मिला है, जो सिंधिया के महल जयविलास के सामने लगाया गया है।

पोस्टर में सिंधिया, कमलनाथ की पीठ में चाकू घोंप रहे हैं। हालांकि सिंधिया का चेहरा और गले में डला BJP के गमछे को ब्लर किया गया है। इसी पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राम की मुद्रा में तीर चलाते दिख रहे हैं। दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह लक्ष्मण के किरदार में धनुष पर तीर चढ़ाते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सिंधिया महल के बाहर सामने दीवार पर कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सिंह राजावत ने शुक्रवार शाम को यह विवादित पोस्टर लगाया है। वे कट्टर सिंधिया विरोधी हैं। इससे पहले वे सिंधिया के भाजपा जॉइन करने के बाद महल की दीवार पर गुमशुदा और लापता के पोस्टर लगा चुके हैं।
बता दें कि ग्वालियर में लगाए गए पोस्टर में सबसे ऊपर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह हनुमान बने हैं और संजीवनी लेकर आए हैं। इसमें ये लिखा है- गद्दारी से नाता है छुरा घोंपना आता है। कांग्रेस की तरफ लिखा है वफादारी से नाता है तीर चलाना आता है।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर भाजपा-कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। सिंधिया के कारण सरकार गंवाने वाले कमल नाथ व अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अब ग्वालियर-चंबल अंचल में सिंधिया को घेरने की तैयारी में लगे हैं।
हाल में 15 दिन के अंदर दो बार कमल नाथ, दो बार दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, अन्य नेता आ चुके हैं। सभी ने सिंधिया पर जुबानी हमला किया है, लेकिन अब बात जुबानी हमले से पोस्टर वॉर तक पहुंच गई है। अब कांग्रेस सिंधिया को गद्दार बताते हुए पोस्टर लगाते हुए प्रचार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications