ग्वालियर में टेंशन: कहीं अमित शाह का रास्ता न रोक लें आवारा पशु
ग्वालियर में अमित शाह के कार्यक्रम से पहले आवारा पशु बने जिला प्रशासन के लिए परेशानी, अमित शाह के कारकेड से आवारा पशुओं को दूर रखने के लिए की जा रही है प्लानिंग, एयरपोर्ट से लेकर जय विलास पैलेस तक पहुंचेगे अमित शाह, शहर
ग्वालियर, 12 अक्टूबर। 16 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर आने वाले हैं। अमित शाह के कार्यक्रम को देखते हुए पूरी सरकार तैयारियों में जुट गई है लेकिन ग्वालियर जिला प्रशासन के लिए शहर में घूम रहे आवारा पशु सबसे बड़ा टेंशन का कारण बने हुए हैं।अमित शाह के कारकेड में कहीं आवारा पशु न घुस जाएं इसको लेकर ग्वालियर प्रशासन तमाम तरीके की तैयारियां कर रहा है।

ग्वालियर में होना है नए एयर टर्मिनल का शिलान्यास
ग्वालियर में 16 अक्टूबर को नए एयर टर्मिनल का शिलान्यास किया जाएगा। शिलान्यास करने के लिए खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर पहुंचेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन समेत पूरी सरकार तैयारियां कर रही हैं। कार्यक्रम में किसी तरह की कोई चूक न हो इसके लिए भी पूरे प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन शहर में घूमने वाले आवारा पशु इन तैयारियों के बीच जिला प्रशासन के लिए सिरदर्द साबित हो रहे हैं।
अमित शाह के कारकेड में न घुस जाएं आवारा पशु
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कारकेड में कोई आवारा पशु न घुस जाए इसको लेकर जिला प्रशासन काफी चिंतित है। अमित शाह ग्वालियर एयरपोर्ट से सीधा मेला मैदान में पहुंचेंगे। मेला मैदान में ही कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके बाद अमित शाह का काफिला जय विलास पैलेस पहुंचेगा। इतने लंबे रूट के दौरान कोई भी आवारा पशु अगर अमित शाह के रास्ते में आया तो इसके लिए जिला प्रशासन को खामियाजा भुगतना होगा, जिस के संकेत सीएम शिवराज सिंह चौहान बैठक में दे चुके हैं।
सीएम ने ली थी तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दिनों ग्वालियर आकर एक निजी होटल में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की बैठक ली थी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर ली गई इस बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सख्त निर्देश दिए थे कि कार्यक्रम में कोई भी चूक नहीं होना चाहिए। दरअसल केंद्रीय गृह मंत्री नितिन गडकरी ग्वालियर में एलिवेटेड रोड का भूमि पूजन करने आए थे तो उनके कारकेड में आवारा पशु घुस गए थे। इस बात को लेकर सीएम पहले से ही नाराज थे इसलिए उन्होंने सख्त लहजे में इस बार ऐसी गलती नहीं होने की बात कही।
नगर निगम आयुक्त पर रहेगा आवारा पशुओं को रोकने का जिम्मा
ग्वालियर नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल पर आवारा पशुओं को रोकने का जिम्मा रहेगा। शहर में कई आवारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं। इन आवारा पशुओं की वजह से लोग कभी चोटिल हो जाते हैं तो कभी दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं लेकिन नगर निगम द्वारा इन पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। अब ऐसे में जबकि केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ग्वालियर आने वाले हैं तो नगर निगम ने आवारा पशुओं को सड़कों से दूर रखने की कोशिश शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications