बेडरूम में सो रही दो बहनों के बिस्तर में घुसा जहरीला सांप, इस हालत में देख हॉस्टल में मौजूद लड़कियां चीखने लगी
Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से सर्पदंश का का मामला सामने आया है। यहां केएक छात्रावास में सोते समय दो सगी बहनों को जहरीले सांप ने काट लिया।
घटना में बड़ी बहन की मौत हो गई और छोटी बहन आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है। घटना घाटीगांव स्थित शासकीय नेता जी सुभाष चंद्र बोस कन्या छात्रावास की है।

ग्वालियर देहात के आरोन क्षेत्र के सेकर गांव की कल्याण जाटव उर्फ कल्लू जाटव की दो बेटियां 12 वर्षीय पल्लवी और 10 वर्षीय अनु इसी छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती थीं। पल्लवी कक्षा 7वीं में और अनु 6वीं कक्षा में पढ़ाई करती थी।
दोनों बहनें घटना के दौरान एक ही पलंग पर सो रही थीं। तभी वहां एक जहरीला सांप आ गया। दोनों बहनों को उस जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के काटने से दोनों बहनें उठ गईं और रोने चिल्लाने लगी। देखते ही देखते छात्रावास में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद एक महिला वार्डन ने आसपास के लोगों की मदद से सांप को मार डाला है।
इसके बाद दोनों बहनों को तुरंत जयारोग्य अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बड़ी बहन पल्लवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि छोटी अनु की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
मृतक पल्लवी के परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छात्रावास में दो वार्डन की नियुक्ति है। लेकिन घटना के समय केवल एक ही वार्डन उपस्थित थी।
परिजनों ने छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रावास में छात्राओं को लेकर कोई सुरक्षा व्यवस्था भी ठीक से नहीं है। परिवार ने छात्रावास में सुरक्षा उपायों की कमी पर चिंता जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पल्लवी का पोस्टमॉर्टम एसडीएम की देखरेख में कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीएम ने बताया कि छात्रावास में दूसरी वार्डन के अनुपस्थित रहने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications