Who is Kajal Hindustani: पाकिस्तानी हिंदुओं को गुजरात बसाने का था सपना, अब विवादित भाषण में गिरफ्तार
Kajal Hindustani को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने ऊना में विवादित भाषण दिया था।

गुजरात के ऊना में रामनवमी के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें काजल हिंदुस्तानी नाम की महिला ने अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर विवादित बयान दिया। वो खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताती हैं। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। जिसके आधार पर उनकी गिरफ्तारी हुई है। तब से लोग उनके बारे में काफी सर्च कर रहे। आइए जानते हैं कौन हैं काजल हिंदुस्तानी-
काजल हिंदुस्तानी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। उनके वहां पर अच्छी संख्या में फॉलोवर्स भी हैं। ट्विटर बायो के मुताबिक वो एक उद्यमी, रिसर्च एनालिस्ट और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वो खुद को राष्ट्रवादी और स्वाभिमानी हिंदुस्तानी भी कहती हैं। उनके सिर्फ ट्विटर पर 86 हजार से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। उनकी एक खुद की वेबसाइट भी है, जिस पर जाने पर पता चला कि उन्होंने बीजेपी और पीएम मोदी की कई उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताने के लिए कई अमेरिकी शहरों की यात्रा की।
वो 2019 के चुनाव में काफी सक्रिय थीं और अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों में बीजेपी नेताओं का प्रचार करने पहुंचीं। जिसमें लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला का संसदीय क्षेत्र कोटा भी शामिल है। वो टीवी डिबेट में भी हिस्सा लेती हैं। उन्होंने कई बार गुजरात में पाकिस्तानी हिंदुओं को बसाने की बात कही।
कई धाराओं में केस दर्ज
गुजरात पुलिस ने उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 295 (ए) (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा ऊना शहर पुलिस ने भी एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमे 76 लोगों को नामजद और 200 अज्ञात लोगों को दंगे भड़काने के लिए हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस अधीक्षक श्रीपाल शेषमा के मुताबिक एक कार्यक्रम में काजल हिंदुस्तानी ने अल्पसंख्यकों पर विवादित बयान दिया। जिसके बाद वहां सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शांति समिति की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें सभी को समझाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications