मुंबई के लड़के से हुई गुजरात की कोरोना पॉजिटिव लड़की की शादी, फेरों के बाद हुए क्वारंटाइन
वलसाड। गुजरात में वलसाड के मोटा बाजार से एक शादी फंक्शन से काेराेना वायरस के संक्रमण का मामला सामने आया। यहां की एक युवती का ब्याह मुंबई के युवक के साथ हुआ। युवती का कोरोना टेस्ट कराया गया था, जब ब्याह की रस्में निभाई जा रही थीं, तो टेस्ट की रिपोर्ट से पता चला कि वो कोरोना पॉजिटिव है। जिसके बाद दूल्हा और दुल्हन दोनों के परिजनों में हड़कंप मंच गया। दोनों परिवार असमंजस में पड़ गए। हालांकि, पंडित ने शादी की विधि पूर्ण कराई।
उसके पश्चात युवती को तत्काल मंडप से उसके पिता के घर होम आइसोलेशन में भेजा गया। उधर, शादी में शरीक होने आए लोगों के कोरोना टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इलाके में चर्चे होने लगे। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि, वलसाड के मोटा बाजार में रहने वाले हितेश भाई गांधी की पुत्री रेनी की शादी मुंबई के युवक के साथ तय हुई थी। सगाई के बाद 10 तारीख को रेनी मुंबई में शॉपिंग के लिए गई थी। वहां से लौटने के बाद रेनी का कोरोना टेस्ट किया गया। जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को आई। जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव बताई गई। तब तहसील स्वास्थ्य अधिकारी तथा फ्लाइंग स्कवॉड के युवक रेनी को ढूंढते हुए उसके घर पहुंचे। वहां पर उसकी शादी हो रही थी और मुंबई से बारात आई थी।
शादी फंक्शन को देखकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों व अन्य अधिकारियों ने मानवता दिखाते हुए दोनों परिवारों को सच्चाई से वाकिफ किया। वहां मौजूद सभी लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करवाया गया। तमाम बारातियों का एंटीजन टेस्ट भी किया गया। हालांकि, किसी उनमें से कोई पॉजिटिव नहीं मिला। वहीं, शादी की रस्में पूरी होने के बाद नववधू को उसके पिता के घर ही क्वारंटाइन कर दिया गया। परिजनों से कहा गया कि, जब तक दूसरा टेस्ट नहीं हो, तब तक उसे होमक्वारंटाइन में ही रखा जाए।