'चाइना के एप्स रिमूव करो और मुफ्त जलेबी खाओ', ये लड़के यूं दे रहे हैं बायकॉट को बढ़ावा
वडोदरा। बॉर्डर पर चीन द्वारा भारत को एक बार फिर दगा दे देने के बाद देशभर में चाइनीज प्रोडक्ट्स का बायकॉट किए जाने की खबरें मिल रही हैं। बहुत से लोग चीन निर्मित इलेक्ट्रानिक सामान न इस्तेमाल करने के संकल्प ले रहे हैं, तो कुछ वहां के मोबाइल एप्लिकेशन भी रिमूव कर रहे हैं। गुजरात में वडोदरा के निजामपुरा क्षेत्र में कुछ युवकों का गुस्सा इस कदर भड़का कि, वो चीन के खिलाफ बहिष्कार अभियान की अगुवाई कर रहे हैं।

'चीन के प्रॉडक्ट्स का बायकॉट करें'
युवकों ने शहरवासियों से अपील की कि, चीन की वस्तुओं का उपयोग न करें, स्वदेशी में दिलचस्पी लें। युवकों ने एक जगह अपना ठिकाना जमा लिया। जहां से उन्होंने कहा कि, चाइनीज एप्स को अपने मोबाइलों से रिमूव करें और हमसे मुफ्त में जलेबी खाएं। चीन के विरोध में मुहिम शुरू करते हुए उन्होंने जलेबी बांटनी शुरू कर दीं। तब इलाके के लोग उनके पास पहुंचने लगे और चीन के एप्स को अपने मोबाइल से अनिस्टॉल करने लगे।

'एप्स रिमूव करने पर मुफ्त में जलेबी खाओ'
वहीं, मयूर नमकीन के मालिक मयूर पटेल ने कहा कि, जबसे मैंने अपने फौजियों की शहादत की खबर सुनी मेरा खून खौल उठा। मैं बॉर्डर पर जाकर लड़ तो नहीं सकता, लेकिन तय कर लिया है कि यहां बैठे-बैठे भी चीन के खिलाफ एक लड़ाई लड़ी जा सकती है। मैंने टिकटॉक, यूसी ब्राउजर, हेलो और वीचैट जैसे चाइनीज एप्लिकेशन को डिलीट कराने की मुहिम शुरू की है। ऐसा करने वाले लोगों को हम मुफ्त में जलेबी बांट रहे हैं।

दिनभर में 40-50 लोग आ रहे हैं यहां
जलेबी बांटने से हमें थोड़ा-बहुत खर्च उठाना पड़ जाएगा, लेकिन इससे तसल्ली मिलेगी। क्योंकि, यदि लोगों ने ये सोच लिया कि चीन के एप्स नहीं यूज करेंगे, तो इसी शहर में हजारों एप्स अनिस्टॉल किए जा सकते हैं। हमारे पास दिनभर में 40-50 लोग आ रहे हैं और हमारे सामने चाइनीज एप्स को अनिस्टॉल करते हैं, तब उन्हें हम जलेबी बांटते हैं।












Click it and Unblock the Notifications