PM मोदी आएंगे गुजरात, जानें क्या है 'सौनी' योजना जिसका जामनगर में करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर गुजरात के दौरे पर आने वाले हैं। यहां मोदी इस बार जामनगर में सौराष्ट्र-नर्मदा अवतरण इरिगेशन (सौनी) योजना लिंक-1 पैकेज-5 तथा लिंक-3 पैकेज-7 का लोकार्पण करेंगे। भाजपाइयों की ओर से बताया गया कि, इस योजना (sauni yojana gujarat) के लोकार्पण के लिए मोदी 10 अक्टूबर को गुजरात में होंगे। उस दौरान गुजरात भाजपा के बड़े-बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

आखिर क्या है सौनी योजना?
सौराष्ट्र-नर्मदा अवतरण इरिगेशन को शॉर्टफॉर्म में 'सौनी' कहा गया है, यह ऐसी योजना है जिसके जरिए नर्मदा का पानी राज्य के जामनगर, राजकोट, देवभूमि द्वारका तथा पोरबंदर ज़िलों में पहुँचेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जामनगर में इसी योजना के द्वितीय व तृतीय चरणों का लोकार्पण करेंगे। इस बारे में बताते हुए गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी ने सौराष्ट्र के सूखे (शुष्क) क्षेत्र को सिंचाई जल तथा नागरिकों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करने का संकल्प किया था और इस संकल्प को पूरा करने की दिशा में गुजरात एक और क़दम आगे बढ़ा है।' उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की कर्तव्यनिष्ठ सरकार विकासोन्मुखी एवं जनोन्मुखी कार्यों के माध्यम से जनता के जीवन में सुख-सुविधाएँ बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयत्नशील हैं, उसका ही प्रमाण है- सौनी योजना के द्वितीय व तृतीय चरणों का लोकार्पण।

हजारों लोगों की पानी की समस्या दूर होगी
राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि, सौराष्ट्र-नर्मदा अवतरण इरिगेशन (सौनी) योजना के दूसरे चरण में लिंक-1 के पैकेज-5 के लोकार्पण के माध्यम से कुल 314.69 करोड़ रुपए के ख़र्च से 66 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन द्वारा लालपुर तहसील के पीपरटोडा गाँव के पास निर्मित पंपिंग स्टेशन में 7 पंपों द्वारा और खंभाळिया तहसील के सिद्धपुर गाँव के पास निर्मित फ़ीडर पंपिंग स्टेशन में 4 पंपोंद्वारा जामनगर ज़िले के 5 और देवभूमि द्वारका ज़िले के 5 सहित कुल 10 जलाशय पानी से छलकने लगेंगे। बताया जाता है कि, जामनगर ज़िले के 2 और देवभूमि द्वारका ज़िले के 3 यानी कुल 5 जलाशयों से पीने का पानी दिया जाता है। इससे जामनगर ज़िले की लालपुर व जामनगर तहसीलों के लगभग 32 गाँवों के21,061 एकड़ भूमि में तथा देवभूमि द्वारका ज़िले की खंभाळिया व कल्याणपुर तहसीलों के लगभग 23 गाँवों के10,782 एकड़ भूमि में सिंचाई और पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।

इस तरह की है सौनी योजना
परियोजना से जुड़े अधिकारियेां के मुताबिक, सौनी के दूसरे चरण में कुल मिला कर 65,000 से अधिक लोगों को फायदा होगा और आस-पास के कुल 31,843 एकड़ क्षेत्र को सिंचाई व पेयजल की पर्याप्त सुविधा मिलेगी। वहीं, सौनी योजना के तीसरे चरण में लिंक-3 के पैकेज-7 के लोकार्पण के माध्यम से कुल 729.15 करोड़ रुपए के ख़र्च से 104.160 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन द्वारा कालावड तहसील के जालणसर गाँव के पास निर्मित पंपिंग स्टेशन में 5 पंपों द्वारा जामनगर ज़िले के 4, राजकोट ज़िले के 2, पोरबंदर ज़िले के 2 तथा देवभूमि द्वारका ज़िले के 3 यानी कुल 11 जलाशय भरे जाएंगे। बताया जाता है कि, उपरोक्त में जामनगर ज़िले के 2, राजकोट ज़िले के 2, पोरबंदर ज़िले के 1 और देवभूमि द्वारका ज़िले के 1 यानी कुल 6 जलाशयों से पीने का पानी भी दिया जाता है।

देहात को मिलेंगी सिंचाई व पेयजल सुविधाएँ
वहीं, गुजरात में राजकोट ज़िले की उपलेटा तहसील के लगभग 26 गाँवों के 5,736 एकड़ इलाके में, जामनगर ज़िले की कालावड, जामजोधपुर व जामनगर तहसीलों के लगभग 20 गाँवों के 16,471 एकड़ इलाके में, देवभूमि द्वारका ज़िले की भाणवड तहसील के लगभग 30 गाँवों के 22,769 एकड़ इलाके में और पोरबंदर ज़िले की पोरबंदर तहसील के लगभग 10 गाँवों के 6991 एकड़ इलाके में सिंचाई और पेयजल की सुविधा का लाभ मिलेगा। इस प्रकार, कुल मिलाकर 1 लाख से अधिक लोगों को इसका सीधा लाभ होगा और आसपास के कुल 71,967 एकड़ इलाके को सिंचाई व पेयजल सुविधाएँ प्राप्त होंगी।
यह है सौनी योजना का मूल उद्देश्य
राज्य के मुख्यमंत्री का कहना है कि, सौनी योजना का मूल उद्देश्य नर्मदा में आने वाली बाढ़ के अतिरिक्त पानी से सौराष्ट्र के जलाशयों को भर कर वहाँ व्याप्त पानी की कमी की समस्या का स्थायी निवारण लाना है। उन्होंने कहा कि, सदैव जनता के हित में चिंतन-मनन करने वाली और सुदृढ़ क़दम उठाने वाली हमारी सरकार द्वारा सौनी योजना के 2 चरणों का लोकार्पण तस्वीर बदल देगा।












Click it and Unblock the Notifications