पाकिस्तान ने समुद्र में भारत की 8 बोट समेत 45 मछुआरों को घेरकर बंधक बनाया, ले गया कराची
अहमदाबाद। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आए दिन घुसपैठ का प्रयास तो करता ही है, लेकिन साथ ही साथ भारतीय मछुआरों को अगवा भी कर लेता है। आज फिर एकबार नापाक हरकत करते हुए पाकिस्तान ने जल सीमा में 8 जहाजों पर सवार 45 भारतीय मछुआरों को बंधक बना लिया। उन्हें अपहृत कर लिया।
संवाददाता ने बताया कि, कोरोना की महामारी के बीच मछुआरे बड़ी मुश्किल से अपना गुजारा चला रहे हैं। इसी बीच पाकिस्तानी मरीन सिक्युरिटी द्वारा यह नापाक हरकत की गई है। जिसमें पोरबंदर की 6 और वेरावल की 2 समेत कुल 8 बोट समेत इन मछुआरों को करांची ले जाने की सूचना मिली है। जिससे हमारे मछुआरों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
गुजरात में हत्थे चढ़ा पाकिस्तानी जासूस, कपड़ा व्यापार और टैंपो चलाकर करता था जासूसी
गौरतलब है कि, गुजरात का समुद्री किनारा काफी बड़ा है और यहां पाकिस्तान द्वारा तरह-तरह की नापाक हरकत की जाती रही हैं। राज्य सरकार मछुआरों को सुरक्षा देने की बड़ी-बड़ी बातें करती रहती है। किंतु पाक द्वारा फिर बड़ी संख्या में मछुआरों को अगवा किए जाने से उनके परिजनों में आक्रोश फैल गया है। फौरन सभी मछुआरों को वापस लाने की मांग की जा रही है। मछुआरों का आक्रोश देख भारतीय कोस्टगार्ड भी सतर्क हुआ है और इस मामले में जरूरी कार्रवाई करने के साथ समुद्री सुरक्षा बढ़ा दी गई है।