गुजरात में नर्मदा नहर की चल रही मरम्मत, वडोदरा के साढ़े 3 लाख लोगों को नहीं मिलेगा आज पानी
वडोदरा। गुजरात में लाखों लोगों के लिए पानी का मुख्य स्त्रोत रही नर्मदा नहर पर मरम्मत कार्य चल रहा है। यह कार्य सरदार सरोवर निगम की ओर से कराया जा रहा है। जिसके चलते वडोदरा के कई हिस्सों में आज पानी नहीं पहुंच सकेगा। बताया जा रहा है कि, वडोदरा महानगर पालिका (वीएमसी) को शेरखी नहर से पानी का वितरण नहीं किया जाएगा। इस कारण नर्मदा नहर आधारित खानपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की आपूर्ति भी नहीं की जाएगी। जहां पानी नहीं पहुंचेगा, वे इलाके वडोदरा शहर के पश्चिम व दक्षिण क्षेत्रों की बसावट के हैं।

बताते चलें कि, वडोदरा के समीप से निकल रही नर्मदा मुख्य नहर की शाखा नहर से शेरखी गांव के समीप वीएमसी की ओर से इनटेक कुआं बनाया गया है। इस कुएं की क्षमता 75 एमएलडी जल संग्रह करने की बताई जाती है। इसके बावजूद वडोदरा शहर को प्रति दिन 80 एमएलडी पानी मिलता रहा। इसी पानी को शुद्ध करने के लिए खानपुर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में भेजा जाता है और बाद में शहर के पश्चिम व दक्षिण क्षेत्रों के साढ़े तीन लाख लोगों को वितरित किया जाता है। अब चूंकि, नर्मदा नहर पर मरम्मत कार्य चल रहा है तो जलापूर्ति नहीं होने के कारण शहर के गायत्री नगर, नवी वासणा, हरिनगर, तांदलजा, मकरपुरा जीआईडीसी, मांजलपुर गाम स्थित पानी की छह टंकियों के अधीन वाले क्षेत्रों में हजारों लोग पानी को तरसेंगे।
इन इलाकों में साढ़े 3 लाख लोगों की आबादी होने का अनुमान है। इस प्रकार देखा जाए तो खानपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की आपूर्ति नहीं किए जाने के कारण वडोदरा के पश्चिम व दक्षिण क्षेत्रों के साढ़े 3 लाख लोगों को जलापूर्ति नहीं की जा सकेगी। सुनने में आ रहा है कि, मंगलवार को पानी का वितरण न होने पर उसके अगले दिन यानी कि बुधवार को जलापूर्ति की जा सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications