गुजरात बना ब्लैक फंगस का हॉटस्पॉट, 2200 से ज्यादा मामले, 250 मरीजों ने गंवाई जान
अहमदाबाद, 23 मई: देशभर में कोरोना महामारी का कहर अभी कम भी नहीं हुआ था कि एक और मुसीबत आकर खड़ी हो गई। जिसका नाम म्यूकोरमाइकोसिस यानी ब्लैक फंगस है। मौजूदा वक्त में इसके केस तेजी से बढ़ रहा हैं, जिस वजह से कई राज्यों ने इसे महामारी घोषित कर दिया है। फिलहाल अभी गुजरात इससे सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहां पर 2 हजार से ज्यादा मामले रिकॉर्ड हो चुके हैं। ऐसे में राज्य अब म्यूकोरमाइकोसिस का नया हॉटस्पॉट बन गया है।

केंद्र सरकार के मुताबिक अभी तक गुजरात में ब्लैक फंगस के 2,281 मामले सामने आए हैं। ये आंकड़ा देश में किसी भी राज्य के लिए सर्वाधिक है। वैसे तो मौत पर सरकार कुछ ठीक से नहीं बता रही, लेकिन सूत्रों ने राज्य में 250 से ज्यादा मौत का दावा किया है। साथ ही सबसे ज्यादा मामले अहमदाबाद, सूरत और राजकोट से सामने आए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम विजय रूपाणी ने महामारी रोग अधिनियम, 1857 के प्रावधान के तहत फंगल संक्रमण को महामारी घोषित कर दिया है।
वहीं दूसरी ओर ब्लैक फंगस से निपटने के लिए अहमदाबाद, सूरत और राजकोट के सिविल अस्पतालों में विशेष वार्ड बनवा दिए गए हैं। खबर ये भी है कि अहमदाबाद सिविल अस्पताल में ज्यादातर बेड फुल हो गए, क्योंकि तत्काल इलाज की आवश्यकता वाले मामले बढ़ रहे हैं। इसके अलावा राजकोट में 500 से ज्यादा मामले सामने आने के बाद खुद जिला कलेक्टर ने मोर्चा संभाला और जीवन रक्षक दवा एम्फोटेरिसिन बी बांटने के लिए स्पेशल कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया। हालांकि कुछ जगहों पर दवा के लिए हंगामा होने की खबर भी सामने आई है।
ये हैं ब्लैक फंगस के लक्षण
- नाक से असामान्य काला स्राव या खून का आना। नाक में पपड़ी पड़ना या सूखना।
- नाक बंद होना, सिरदर्द या आंखों में दर्द, आंखों के चारों ओर सूजन, आंखों का लाल होना, आंख खोलने में असमर्थता।
- चेहरे का सुन्न होना या झुनझुनी महसूस करना या फिर चेहर में सूजन हो जाना।
- मुंह से खाना चबाने या खोलने में कठिनाई होना।












Click it and Unblock the Notifications