गुजरात विधानसभा का सत्र शुरू, हिस्सा लेने वाले हर विधायक का कोरोना टेस्ट जरूरी, 6 MLA संक्रमित मिले
गांधीनगर। गुजरात विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। यह सत्र सोमवार से 5 दिन तक चलेगा। पांच दिवसीय सत्र के दौरान करीब 20 विधेयकों पर चर्चा की जाएगी। सत्र में भाग लेने के लिए सभी विधायकों का कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य किया गया था। साथ ही मास्क पहनने, सैनिटाइजर इस्तेमाल करने एवं सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियम भी फॉलो करने के लिए कहा गया। अभी खबर यह आई है कि, जांच में 6 विधायक कोरोना संक्रमित मिले हैं।
मुख्यमंत्री, सभी मंत्रियों को टेस्ट हुआ
गुजरात विधानसभा का सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत सभी मंत्रियों और विधायकों का कोरोना टेस्ट कराया गया। उस दौरान जिन विधायकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, उन्हें सत्र में आने से रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार, 6 विधायक संक्रमित पाए गए। जिनमें कांग्रेस के 4 और भाजपा के 2 विधायक शामिल हैं।
ये विधायक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं
वायरस से ग्रस्त कांग्रेस विधायकों में पूनाभाई गामित (व्यारा), नाथाभाई पटेल (धनेरा), वीरजी ठुम्मर (लाठी) और जशु पटेल (बायड) शामिल हैं, जबकि सत्ताधारी दल भाजपा के कनु देसाई (पारडी) और कनु पटेल (साणंद) संक्रमित पाए गए हैं। इसी दौरान कहा गया कि, सत्र में जाने के लिए विधायकों का कोरोना टेस्ट में निगेटिव आना आवश्यक है।
Recommended Video
करीब 20 विधेयकों पर होगी चर्चा
ज्ञातव्य है कि, पांच दिवसीय सत्र के संदर्भ में विगत बुधवार को संसदीय कार्य राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा ने बताया कि मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में चर्चा की गई थी। जिसमें संभावना जताई गई कि, विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सरकार करीब 20 विधेयकों पर चर्चा करवाएगी। प्रदीप सिंह जाडेजा ने कहा था कि, मानसून सत्र के बारे में यह बात स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और सभी विधायकों को कोरोना टेस्टिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
कोरोना संकट के बीच पहली बार गुजरात विधानसभा का मानसून सत्र, विधायकों के लिए बनाए गए ये नियम