VIDEO: 4 मंजिला इमारत की रेलिंग से लटकी लड़की, आवाज सुनकर लोग बचाने दौड़े
वलसाड। गुजरात में वलसाड जिले के पारनेरा गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां साई हरी अपार्टमेंट की बिल्डिंग पर एक लड़की रेलिंग से लटक गई। चौथी मंजिल से शोर सुनकर लोगों ने उस ओर देखा तो बचाने दौड़ पड़े। 2 लोग फुर्ती से छत पर चढ़े और लड़की को रेलिंग से ऊपर खींचकर बचाया।
पुलिस के मुताबिक, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि छत पर लड़की का बैलेंस बिगड़ गया था या उसने आत्महत्या की कोशिश की थी। लड़की 12 वीं की छात्रा है। बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लोगों को वह अपनी ही छत की रेलिंग से लटकी हुई दिखी थी। उसने मदद के लिए चिल्लाया था, तो अपार्टमेंट में रहने वाले दो लोगों ने उसे ऊपर खींचा।

वलसाड ग्रामीण पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी ने कहा, ''लड़की ने हमें बताया है कि उसका बैलेंस बिगड़ गया था, जिससे वह छत की रेलिंग से लटक गई थी। मगर, लड़की यह नहीं बता पाई कि वह इतनी गर्मी में छत पर क्या कर रही थी। पूछने पर बस यही बताया कि वह कभी-कभी छत पर चली जाती है। उसके पिता को-ऑपरेटिव सोसायटी में कार्यरत हैं।'
वहीं, कुछ लोगों ने इसे आत्महत्या की कोशिश बताया। जिस वक्त यह घटना हुई तो बिल्डिंग के आस-पास भीड़ जमा हो गई थी। लोगों ने वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे। लड़की की उम्र करीब 17 साल है। रेलिंग से लटकती पाए जाने पर उसके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications