4 दिन में भारत के 51 मछुआरों को समंदर से अगवा कर ले गया पाक, 9 बोट भी नहीं कीं वापस
पोरबंदर. अरब सागर में मछली पकड़ते भारतीय मछुआरों को पाकिस्तान की मरीन सिक्योरटी एजेंसी आए रोज कैद कर रही है। महज 4 दिनों में ही 51 मछुआरों को अगवा कर लिया गया। साथ ही उनकी 9 बोट भी पाकिस्तानी जब्त कर ले गए। वेलेंटाइन डे शुक्रवार से लेकर बीते सोमवार तक, 50 से ज्यादा भारतीयों को पाकिस्तानियों ने समुद्र में बंधक बनाकर अगवा किया।
नेशनल फिशरमैन फॉरम के मनीष लोढ़ारी ने बताया कि, गुजरात से सटी अरब सागर की खाड़ी में भारतीय मछुआरों के अपहरण की घटनाएं इन दिनों बहुत बढ़ गई हैं। गुजरात के कई मछुआरों को पाकिस्तान की मरीन सिक्योरटी एजेंसी के जवान अपहृत कर ले जा चुके हैं, उनमें से कई मछुआरे जखौ बंदरगाह के निकट ही मछली पकडऩे गए थे।
मनीष लोढ़ारी ने आगे कहा कि प्रदेश के सैकड़ों मछुआरे अरब सागर की खाड़ी में मत्स्याटन के लिए रोजाना निकलते हैं और उन्हें पाकिस्तानी जवान जखौ बंदरगाह के निकट से जबरन उठा ले जाते हैं। इस साल भारतीय मछुआरों के अपहरण की पहली घटना 14 फरवरी को घटी और उस दौरान 4 बोट में सवार 22 भारतीय मछुआरों का अपहरण किया गया। इसके बाद अगले ही दिन 15 फरवरी को 2 बोट में सवार 12 भारतीय मछुआरों को उठा ले गए। इसके बाद सोमवार दोपहर पोरबंदर की पवनसागर, ओखा की अल-मदीना व द्वारका की भाग्यलक्ष्मी बोट में सवार 17 भारतीय मछुआरों को अरब सागर की खाड़ी से अपहरण कर पाकिस्तान ले जाया गया।
एक अधिकारी के मुताबिक, मछुआरों की सोसायटी ने केन्द्र सरकार से इस मामले में मदद की गुहार लगाई है। सोसायटी के पदाधिकारी ने बताया कि, हमारी नौकाओं में सवार लोगों को पाकिस्तान की मरीन सिक्योरटी एजेंसी ने बंदी बनाया है। पाकिस्तान की मरीन सिक्योरटी एजेंसी ने कह भेजा है कि, वे लोग अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा में थे। वहीं, गुजरात मरीन फिशरीज सोसायटी ने कहा कि, जब्त की गईं यह सभी नाव गुजरात की ही थीं। वे नौकाएं भारतीय जल सीमा में ही मछलियां पकड़ रही थीं।
पाकिस्तान का दुस्साहस: अरब सागर में मछली पकड़ रहे 22 हिंदुस्तानियों को कर ले गया कैद