Gujarat Weather: सौराष्ट्र-कच्छ में 'हीटवेव' की आशंका, Yellow अलर्ट जारी
गांधी नगर। मार्च के महीने में ही कहीं-कहीं सूर्य देवता काफी मेहरबान हो गए हैं, जिसके कारण देश में कई जगहों में अभी से ही जून वाली गर्मी पड़ने लगी है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि गुजरात में आज से लेकर अगले दो दिनों तक गर्म हवाएं यानी 'हीटवेव' चलने की आशंका बनी हुई है इसलिए उसने यहां 'यलो अलर्ट' जारी किया हुआ है। विभाग ने कहा है कि गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में गर्मी का प्रकोप लोगों को झेलना पड़ेगा और 48 घंटे तक मौसम में यहां कोई परिवर्तन नहीं होने वाला है, हालांकि दो दिन बाद यहां के तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है।

सौराष्ट्र और कच्छ में Yellow Alert
आईएमडी ने कहा है कि सौराष्ट्र और कच्छ को छोड़कर बाकी पूरे राज्य में और कहीं लू चलने के आसार नहीं है। यहां तापमान सामान्य ही रहेगा। बता दें कि मंगलवार को गांधी नगर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री पहुंच गया था। तो वहीं शुक्रवार को दाहोद, छोटा उदयपुर के इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान है।

स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के प्रति सचेत रहने को कहा है, विभाग ने कहा है कि शिशुओं, बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को थोड़ा सा सावधान रहने की जरूरत है और बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने को कहा गया है।

क्या होती है 'हीटवेव'
आपको बता दें कि आमतौर पर भारत में मार्च और जून के बीच 'हीटवेव' होती है। जब किसी स्थान के लिए अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाता है और दिन का तापमान सामान्य अधिकतम तापमान से 4 से 5 डिग्री अधिक होता है, तो मौसम विभाग इसे 'हीटवेव' घोषित कर देता है। जब अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार कर जाता है या सामान्य से 6 डिग्री से अधिक होता है तो इसे 'गंभीर हीटवेव' कहते हैं।

5 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट
जहां गुजरात गर्म हवाओं से पीड़ित है वहीं देश के कुछ राज्यों में भारी बारिश की आशंका बनी हुई है। आईएमडी ने कहा है कि अगले 5 दिनों में मध्य भारत में आंधी-तूफान आने की आशंका बनी हुई है इसलिए उसने यहां पर सभी को अलर्ट जारी किया है। हिमाचल, कश्मीर, उत्तराखंड, एमपी, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में भी जोरदार बारिश के आसार हैं। मौसम में ये बदलाव होली तक जारी रहने वाला है, हालांकि इसके बाद एकदम से तापमान में बढ़ोत्तरी होगी और गर्मी बढ़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications