कोरोना से गई गुजरात के फिल्मी स्टार नरेश कनोडिया की जान, 77 साल के थे, रूपाणी ने दुख जताया
अहमदाबाद। गुजराती फिल्मों के सुपरस्टार और पूर्व विधायक नरेश कनोडिया कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए। 77 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया है। अपने बड़े भाई महेश कनोडिया की मृत्यु के तीसरे दिन ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। कनोडिया के बेटे ने मौत की पुष्टि की। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने उनके निधन पर दुख जताया है।
संवाददाता ने बताया कि, उन्हें पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर पर रखा जा रहा था। उनका ऑक्सीजन स्तर एकदम गिर गया था। बीते 20 अक्टूबर को ही उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए यूएन मेहता अहमदाबाद में भर्ती कराया गया था। 22 अक्टूबर को यूएन मेहता अस्पताल से नरेश कनोडिया की एक तस्वीर भी सामने आई थी। साथ ही दो दिनों पहले उनके निधन की अफवाह भी फैली थी। हालांकि, तब उनके बेटे हितु कनोडिया ने वीडियो जारी कर इस बात का खंडन किया था, लेकिन आखिरकार नरेश कनोडिया कोरोना से जंग हार ही गए।
नरेश कनोडिया वही शख्स थे, जिन्होंने गुजरात में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आने पर ड्रम बजाकर 'भाग कोरोना भाग...' गाया था। नरेश कनोडिया का जन्म 20 अगस्त 1943 को मोढ़ेरा के पास मेहसाणा जिले के कानोडा गाँव में हुआ था। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्म 'वेली आवे फूल' से की थी। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्में की थीं। कई हिट गुजराती फिल्में आज भी लोग देखते हैं।