Gujarat Gram Panchayat Election Results 2021: गुजरात ग्राम पंचायत चुनाव के नतीजे आज
गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में हुए ग्राम पंचायत चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। यहां कुल 8686 पंचायतों के चुनाव हुए। इन सब पंचायतों पर कौन जीत रहे हैं और कौन हार रहे हैं..इसका पता मतगणना पूरी होने के साथ-साथ चलता जाएगा। बता दें कि, सभी गांवों में वोटिंग बैलेट पेपर से कराई गई थी। आयोग ने बताया था कि, इस बार वोटिंग 77% रही थी।

27 हजार उम्मीदवार 'सरपंच' के पद के लिए लड़े
ग्राम पंचायत चुनाव में राज्यभर में इस बार 27 हजार उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। वहीं, 1.19 लाख लोग पंचायत सदस्य बनने के लिए खड़े हुए। बता दें कि, गुजरात में पंचायत चुनाव का कोई उम्मीदवार राजनीतिक दलों से बात करके, अपनी क्षमता के हिसाब से बिना किसी पार्टी के चुनाव चिन्ह के लड़ता है। आज इन्हीं चुनाव के परिणाम आ रहे हैं।
कुल 1.81 करोड़ थे मतदाता
राज्य चुनाव निकाय की वेबसाइट पर दिए गए आंकड़ों के अनुसार, इन चुनावों में कुल 1.81 करोड़ से अधिक लोग मतदान के लिये पात्र थे। अपडेट्स में बताया गया कि, उक्त सरपंच चुनाव में 77.03% मतदान हुआ, जबकि वार्ड सदस्यों के चुनाव में 72.92% मतदान हुआ। इसके अलावा सरपंच चुनाव में, डांग जिले में सबसे ज्यादा 84.92% मतदान हुआ। वहीं, इसके बाद तापी में 83.19% और वडोदरा में 82.12% मतदान हुआ, जबकि पाटन, खेड़ा, गांधीनगर और अहमदाबाद में यह 80% से अधिक दर्ज किया गया।
पांच पंचायतों में फिर डाले गए वोट
इन चुनावों से जुड़ी एक अन्य जानकारी यह है कि 5 ग्राम पंचायतों में बैलेट पेपर में उम्मीदवारों के नाम- चुनाव चिन्ह में भूल होने की वजह से 20 दिसंबर को पुनर्मतदान कराना पड़ा। इन पंचायतों में पंचमहाल जिले के मोरवा हड़फ तहसील के विरणिया और देलोच पंचायत भी शामिल हैं। वहीं, अमरेली जिले के बगसरा तहसील के हडाणा और अमरेली तहसील के सरंभडा ग्राम पंचायत में भी वोट दोबारा डाले गए। पोरबंदर के रीणावाड ग्राम पंचायत में भी पुनर्मतदान की घोषणा की गई।












Click it and Unblock the Notifications