Gujarat Flood: 'उफनती नदियां, डूबते शहर', 30 साल बाद गुजरात में बारिश का ऐसा रौद्र रूप, अगले 48 घंटे भारी!
Gujarat Flood: गुजरात में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
सोमवार से शुरू हुआ तेज बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी है, जिसके चलते घर, सड़कों से लेकर निचले इलाकों में जल सैलाब आ गया है।

इसी बीच मौसम विभाग ने आज यानी 27 अगस्त को सात जिलों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 22 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और चार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वडोदरा में लगातार बारिश के कारण मंगलवार को भयंकर बाढ़ जैसी स्थिति हो गई। विश्वामित्री नदी उफान पर आ गई, जिससे रिहायशी इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। निवासियों ने बताया कि उन्होंने पिछले 30 सालों में इतनी भयंकर बाढ़ और बारिश नहीं देखी।
कई जिलों में बाढ़
गुजरात के मालपुर इलाके में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। भारी बारिश के कारण गांधीनगर में भी बाढ़ जैसे हालात हैं। आणंद, खेड़ा और पंचमहल जिलों में भी भारी जलभराव की स्थिति है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गंभीर स्थिति को देखते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। सोशल मीडिया पर गुजरात में भारी बारिश के बाद जलभराव के कई वीडियो सामने आ रहे हैं।
अगले 48 घंटे होंगे अहम!
मौसम विभाग ने 29 अगस्त की सुबह तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने स्थिति की समीक्षा के लिए जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और प्रमुख शहरों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक ऑनलाइन बैठक की। राज्य शिक्षा विभाग ने एहतियात के तौर पर मंगलवार को पूरे गुजरात में प्राथमिक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।
3 की मौत और 7 लोग लापता
मोरबी जिले के हलवद तालुका में एक पुल पार करते समय एक ट्रॉली ट्रैक्टर बह जाने के बाद सात लोग लापता हो गए। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने लगभग 20 घंटे से खोज अभियान चला रखे हैं। राज्य राहत आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने पुष्टि की कि इस मौसम में बारिश से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है, जिसके बाद कुल मृतकों की संख्या 99 हो गई है।
छोटा उदयपुर जिले में भारी बारिश के बीच भारज नदी में पानी का बहाव तेज होने से नेशनल हाईवे 56 पर बने पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे वाहनों की आवाजाही पर काफी असर पड़ा है। छोटा उदयपुर कलेक्टर अनिल धमेलिया ने बताया, "भारी बारिश के कारण भारज नदी में पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे पिलर नंबर तीन के पास पुल क्षतिग्रस्त हो गया।"
4000 से अधिक लोगों का रेस्क्यू
सोमवार को गुजरात के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिसके कारण वडोदरा, नवसारी, वलसाड और सूरत में 4,300 से अधिक लोगों को निकाला गया। राज्य में सबसे अधिक प्रभावित जिले वडोदरा, आणंद, खेड़ा, नवसारी और पंचमहल रहे।












Click it and Unblock the Notifications