गुजरात में AAP नहीं दे सकती BJP को चुनौती?, CM भूपेंद्र पटेल बोले- वो यहां सिर्फ पोस्टरों में है
गांधीनगर। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) से मिलने वाली चुनौती को सिरे से खारिज कर दिया। भूपेंद्र पटेल ने राज्य में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता में वापसी पर विश्वास जताया। पटेल ने कहा, "कोई भी पार्टी, चाहे वह आप हो या कोई अन्य, देश में कहीं भी चुनाव लड़ सकती है। यह हमारे लोकतंत्र का हिस्सा है। मगर, मुझे यह विश्वास है कि वो भाजपा को चुनौती नहीं दे पाएंगे। जीत हमारी ही होगी।"

गुजरात में अब तक के विधानसभा चुनावों पर नजर डालें तो यहां चुनावी जंग बीजेपी और कांग्रेस के बीच होती आई है। बाकी पार्टियां सियासी मैदान में अपने लिए ज्यादा जगह नहीं बना पाईं। लेकिन हाल ही में हुए पंजाब विधानसभा चुनावों में भारी जीत के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) गुजरात में आगामी चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। इसके लिए केजरीवाल समेत आप के सभी बड़े नेता पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं। सियासत के जानकार इसे आप द्वारा भाजपा को सीधी चुनौती मिलने से जोड़कर देख रहे हैं। मगर, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल इस बात से कतईं सहमत नहीं हैं।

पटेल ने आज कहा कि, "कोई भी पार्टी, चाहे वह आप हो या कोई अन्य, गुजरात में चुनाव लड़ सकती है। यह हमारे लोकतंत्र का हिस्सा है। मगर, जब बात भाजपा की आती है, तो हम वो पार्टी हैं, जो सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं लड़ते। और, हम जीतते हैं। इस बारे में पहले भी बहुत कुछ कहा गया है। नगर निगम के चुनाव देख लीजिए, आप ने उसमें भी हिस्सा लिया था। लेकिन उनका सफाया हो गया, जबकि भाजपा ने गांधीनगर में 44 में से 41 वार्ड हासिल किए।
मुख्यमंत्री ने यह कहते हुए कि चुनावों के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी, कहा कि "आप केवल पोस्टरों में है।" पटेल बोले कि, "भारत में एक जीवंत लोकतंत्र है। लोग गुजरात में विपक्ष को भी कुछ सीटें देने का फैसला कर सकते हैं, वो चाहे आप हो या कांग्रेस हो, उन्हें देखना चाहिए। हम तो यह देख रहे हैं कि, भाजपा राज्य में लोगों की लगातार पसंद बनी हुई है। हम इसे जारी रखेंगे, हम कड़ी मेहनत करते हैं..और हमारा ट्रैक रिकॉर्ड साबित करता है कि हम गुजरात के लोगों के लिए सबसे अच्छे विकल्प हैं क्योंकि हम अपना छठा कार्यकाल चाहते हैं।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेता है। उन्होंने कहा, "यह स्वाभाविक है कि पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरणा लेता है। हम केवल उनके काम को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। कोई भी उनकी जगह लेना नहीं चाहता और न ही कभी ऐसा कदम रख सकता है।"
पिछले साल सितंबर में, तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने इस्तीफा दे दिया था। इससे भूपेंद्र पटेल के लिए रास्ता बन गया, और भाजपा ने राज्य के पूर्ण मंत्रिमंडल का पुनर्गठन किया था। इस पर बात करते हुए मौजूदा मुख्यमंत्री बोले कि, "हां, वो बदलाव हुआ, लेकिन भाजपा अनुशासन कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हमारी सरकार और संगठन मिलकर काम करते हैं, न कि अलग-अलग। इन दोनों के बीच समन्वय की कोई कमी नहीं है।"
मालूम हो कि, 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 99 सीटें जीती थीं, जबकि कुल विधानसभा सीटें 182 हैं। यदि भाजपा के पास 99 सीटें देखी जाएं तो कांग्रेस उसे कमतर करने में तो कामयाब रही, लेकिन हार भी गई। उसके बाद हुआ यह कि, कांग्रेस के कई नेताओं ने भाजपा में शामिल होने के लिए इस्तीफे दे डाले, जिससे 182 के सदन में सत्तारूढ दल के पास 111 विधायकों की ताकत आ गई।












Click it and Unblock the Notifications