Gujarat Assembly Elections: गुजरात में शर्मनाक हार के बाद अब कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष पद पर भी लटकी तलवार
गुजरात में कांग्रेस से छिन सकता है कि नेता प्रतिपक्ष का पद। पार्टी 10 फीसदी सीटों पर भी जीत हासिल करने में विफल रही है।

Gujarat Assembly Elections: गुजरात में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत की उसके बाद एक बार फिर से भाजपा ने सत्ता में लगातार 7वीं बार वापसी की है। गुजरात में भाजपा की आंधी में कांग्रेस, आप से लेकर सभी छोटे दल उड़ गए। कांग्रेस का तो यह हाल हो गया कि उसे प्रदेश में सिर्फ 17 सीटों पर जीत मिल पाई। प्रदेश में विधानसभा की कुल 182 सीटें हैं जिसमे से 156 सीटों पर अकेले भाजपा ने कब्जा कर लिया है। ऐसे में कांग्रेस को गुजरात के चुनाव में ना सिर्फ बड़ी हार का मुंह देखा पड़ा है बल्कि अब कांग्रेस को सदन में नेता विपक्ष का पद भी मिलना मुश्किल लग रहा है।
दरअसल सदन में नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने के लिए पार्टी को 10 फीसदी सीटों पर जीत दर्ज करनी होती है। ऐसे में कांग्रेस के पास इस पद को हासिल करने के लिए कम से कम 18 विधायकों की जरूरत थी। गुजरात भाजपा के चीफ सीआर पाटिल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से नेता प्रतिपक्ष का पद छिन सकता है क्योंकि उनके पास 10 फीसदी सीटें नहीं हैं।
गुजरात विधानसभा के वरिष्ठ अधकारी ने बताया इस तरह का कोई तय नियम नहीं है कि गुजरात में नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने के लिए 10 फीसदी सीट जरूरी है। लेकिन 1960 से इसका पालन किया जा रहा है, जिसके तहत नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने के लिए 10 फीसदी सीटों पर जीत की जरूरत होती है। कांग्रेस 18 सीटों से सिर्फ एक विधायक कम है। अधिकारी ने बताया कि अगर कोई दल 10 फीसदी सीटें नहीं जीत पाता है तो यह स्पीकर पर निर्भर करता है कि वह उस दल को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा दे या नहीं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित चावड़ा ने कहा कि सत्ताधारी दल चाहे तो इस नियम को नजरअंदाज कर सकते हैं। इस तरह का कोई तय नियम नहीं है, यह सत्ताधारी दल पर निर्भर करता है। राजकोट म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में कांग्रेस के पास 10 फीसदी सीट नहीं थी बावजूद इसे नेता प्रतिपक्ष का पद मिला। 1985 में कांग्रेस ने 149 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि जनता दल 14 और भाजपा को 11 सीटों पर जीत मिली थी। जनता पार्टी के नेता चिमनभाई पटेल को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications