विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पास सिस्टम बंद, अब सिर्फ मास्क पहनकर कतार में लगना होगा
पाटण। देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ महादेव मंदिर में दर्शन के लिए पास सिस्टम बंद कर दिया गया है। यानी भक्तगणों को यहां दर्शन करने के लिए अब पास दिखाना जरूर नहीं है। उन्हें सिर्फ मास्क पहनकर कतार में खड़ा होना होगा और अपने हाथ सैनेटाइज करने होंगे। यह व्यवस्था मंदिर प्रबंधन द्वारा आज यानी कि सोमवार से शुरू की गई है।

कोविड प्रोटोकॉल में बदलाव किए जा रहे
सोमनाथ ट्रस्ट के महा प्रबंधक विजयसिंह चावड़ा के अनुसार, कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी होने के कारण अब मंदिर में दर्शन के लिए पास की व्यवस्था बंद कर दी गई है। हालांकि, सावधानी बरतने के तहत लोगों के लिए मास्क पहनकर दर्शन करने, दर्शन के बाद तुरंत ही मंदिर से बाहर निकलने और सैनेटाइजर स्प्रे आदि की अनिवार्यता जारी रहेगी। विजयसिंह चावड़ा ने बताया कि, अब हर रोज हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, कोरोना महामारी के चलते लंब समय से आमजन के लिए बंद यह तीर्थस्थल जून 2021 में खोला गया था।

पीएम मोदी ने कई परियोजनाएं शुरू करवाईं
अगस्त महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ में कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस दफा मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अन्य नेताओं से जुड़े। सोमनाथ की नई परियोजनाओं में सोमनाथ सैरगाह, सोमनाथ प्रदर्शनी केंद्र, पार्वती मंदिर और प्राचीन (जूना) सोमनाथ के मंदिर का पुननिर्मित परिसर शामिल था। वहां मोदी ने कहा कि, हमें अपने धार्मिक पर्यटन को मजबूत करने की जरूरत है। मोदी ने कहा था कि, इससे युवाओं को रोजगार भी मिलेगा और हमारे अतीत का भी ज्ञान होगा। मोदी ने कहा था, "सोमनाथ से जुड़ी परियोजनाओं से लोगों को काफी कुछ मिलेगा। जैसा कि, नवनिर्मित सोमनाथ प्रदर्शनी गैलरी देखेंगे तो लोग अपने इतिहास को जान पाएंगे। ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करने के लिए अब यहां प्राचीन कलाकृतियों और दस्तावेजों का विशाल संग्रह है।"

सोमनाथ सैरगाह और प्रदर्शनी केंद्र हैं नए
सोमनाथ में जिन विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास मोदी ने किया, उन परियोजनाओं में सोमनाथ सैरगाह (प्रोमेनेड), सोमनाथ प्रदर्शनी केंद्र और पुराने सोमनाथ के मंदिर परिसर का पुनर्निर्माण शामिल हैं। इतना ही नहीं, सोमनाथ मंदिर के पास 45 करोड़ रुपए की लागत से वॉक-वे बना है। गुजरात सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि, मोदी ने प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर की 83 करोड़ रुपए की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। जिनमें कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पार्वती मंदिर की आधारशिला भी रखी। अधिकारी के मुताबिक, सोमनाथ सैरगाह को प्रसाद (तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक, विरासत संवर्धन अभियान) योजना के तहत कुल 47 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। वहीं, 'पर्यटक सुविधा केंद्र' के परिसर में तैयार सोमनाथ प्रदर्शनी केंद्र, पुराने सोमनाथ मंदिर के खंडित हिस्सों और पुराने सोमनाथ की नागर शैली के मंदिर वास्तुकला वाली मूर्तियों को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं पर्यटन को ध्यान में रखते हुए प्राचीन मंदिर परिसर का समग्र रूप से पुनर्विकास किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications