गुजरात में गौशाल के अंदर बना दिया कोविड सेंटर, दूध और गोमूत्र से बनी दवाओं से हो रहा इलाज
अहमदाबाद, मई 8: उत्तर गुजरात के बनासकांठा जिले के टेटोडा में एक गौशाला के अंदर कोविड केयर सेंटर बनाया गया है, जहां पर गाय के दूध और मूत्र के साथ-साथ आयुर्वेदिक दवाओं का इस्तेमाल कर कोविड -19 रोगियों का इलाज किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से इसका नाम वेदालक्षन पंचगव्य आयुर्वेद कोविड आइसोलेशन सेंटर रखा गया है, जिसमें मौजूदा वक्त में 7 मरीज अपना इलाज करवा रहे हैं।

5 मई को हुई शुरुआत
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सेंटर को मोहन जाधव चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सेंटर राजाराम गौशाला आश्रम में बनाया गया है, जिसकी शुरुआत 5 मई को हुई थी। मौजूदा वक्त में जिन मरीजों को यहां पर रखा गया है, उनकी RT-PCR रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। साथ ही उसमें कोरोना के हल्के लक्षण हैं। फिलहाल सभी लोगों का उपचार दूध, घी और मूत्र से तैयार 8 आयुर्वेदिक दवाओं से किया जा रहा है।

इलाज के लिए कोई शुल्क नहीं
जाधव ने आगे कहा कि हम मुख्य रूप से कोविड-19 लक्षणों वाले रोगियों के इलाज के लिए पंचगव्य आयुर्वेद चिकित्सा का उपयोग कर रहे हैं। इसमें 'गौ तीर्थ' का उपयोग होता है, जो देसी गायों के मूत्र और अन्य जड़ी बूटियों से बनती है। इसमें खांसी के इलाज के साथ इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए च्वनप्राश का इस्तेमाल किया जा रहा। वो भी देसी गाय के दूध से ही बना हुआ है। अभी आइसोलेशन सेंटर में दो आयुर्वेदिक डॉक्टरों को रखा गया है, जो मरीजों को तय दवाइयां देते हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर उनको एलोपैथिक दवाएं भी दी जाती हैं। वहीं इस सब सेवाओं के लिए मरीजों से कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।

कलेक्टर ने कही ये बात
आपको बता दें कि इस महीने की शुरुआत में गुजरात सरकार ने गांवों में भी कोविड केयर सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए थे। जिस वजह से अब राज्य में 1.2 लाख वाले 10320 कोविड केयर सेंटर स्थापित हो चुके हैं। मामले में बनासकांठा के जिला कलेक्टर आनंद पटेल ने बताया कि नए निर्देशों के मुताबिक कोविड केयर सेंटर के लिए इजाजत की जरूरत नहीं है। सेंटर चलाने वाले ने प्रशासन को सूचित किया था और उसकी अनुमति दी गई। गांव में अपने परिवार से अलग रहने के लिए एक आइसलोशन सेंटर की जरूरत थी, जिस वजह से ये देखभाल केंद्र बनाया गया है। अगर वहां पर किसी मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है तो उसे अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications