वायरस को मात देकर घर लौटे युवक की तबियत बिगड़ने से मौत, जांच में निकला कोरोना पॉजिटिव
साबरकांठा। गुजरात में साबरकांठा जिले से कोरोना से जुड़ी चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां प्रांतिज तहसील के सांपड गांव का रहने वाला एक युवक संक्रमित हो गया था। उसने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल (यू.एन.मेहता हॉस्पिटल) में अपना इलाज कराया। जहां दो रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उसे एक मई को छुट्टी दे दी गई। वह सकुशल घर लौटा। मगर, घर पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही उसकी तबियत बिगड़ गई।
घर से वापस दो मई को उसे हिम्मतनगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां जांच कराने पर उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के 2 दिन के भीतर ही सोमवार (4 मई) को उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान लालभाई माधाभाई रावल (२५) के रूप में हुई। एक स्थानीय शख्स ने बताया कि, लालाभाई हृदय और फेफड़े के रोग से भी पीडि़त थे।
हिम्मतनगर सिविल अस्पताल के सर्जन डॉ. एन.एम. शाह ने बताया कि, लालभाई (२५) को 17 अप्रेल को पहली बार कोरोना पॉजिटिव मिला था। उसे अहमदाबाद के सिविल अस्पताल से संबंधित अस्पताल में भर्ती किया गया था। वहां उपचार के बाद जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद वह गांव चला गया था।
पति का काम छूटा, भूखा मरने की नौबत थी तो खुद ई-रिक्शा चलाकर परिवार संभाल रहीं सुमन