गुजरात: घर में फंदे पर झूली कोरोना वॉरियर नर्स, 5 पेज के सुसाइड नोट में लिखे सीनियर्स के नाम
नवसारी। गुजरात के नवसारी सिविल अस्पताल में कार्यरत एक नर्स ने अपने घर फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे फंदे पर लटके देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस घर पहुंची और सुसाइड नोट बरामद किया। पता चला कि, 5 पेज का सुसाइड नोट उस नर्स ने बुधवार रात को लिखा था। उस नोट में सिविल अस्पताल के अधिकारियों पर नर्स को मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप था। इन दिनों वह नर्स बतौर कोरोना वॉरियर ड्यूटी करती थी। उसकी मौत से रुष्ट परिजनों ने अब आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि, मृतका की पहचान नवसारी जिले के विजलपुर जलाराम सोसाइटी निवासी मेघा राजेन्द्र आचार्य (28) के तौर पर हुई है। मेघा नवसारी की सिविल अस्पताल में कोरोना वॉरियर्स नर्स के तौर पर कार्यरत थी। परिजनों के मुताबिक, 20 दिन पहले मेघा कोरोना की चपेट में आ गई थी। जिसके चलते वह बहुत कमजोर हो गई थी और उसने अपने सीनियर्स से उपचार के लिए कुछ दिन की छुट्टी मांगी थी। लेकिन उन लोगों ने छुट्टी मंजूर नहीं की। बल्कि अपमानित कर अस्पताल से गेट आउट कह दिया। उसके बाद मेघा घर लौट आई, लेकिन अस्पताल में जो हुआ उससे उसका मन काफी दुखी था। परिजनों का कहना है कि, इसी वजह से उसने आत्महत्या की है।

सुसाइड नोट में मेघा ने परेशान करने वाले अधिकारियों के नाम भी लिखे हैं। वहीं, उसकी मौत की खबर मिलने पर उसके अस्पताल के अधिकारियों ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मेघा को तो पिछले दिनों कोरोना वॉरियर्स के तौर पर सम्मानित भी किया गया था। कोरोना वार्ड में ड्यूटी रोटेशन से दी जाती है। उसे किसी ने नहीं धमकाया था। हालांकि, परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले में जांच-पड़ताल शुरू की है।












Click it and Unblock the Notifications