भाजपा सरकार का दावा- गुजरात में 1 दिन के भीतर लगा दी 5 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन
गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में सरकार ने वैक्सीनेशन को लेकर बड़ा दावा किया। सरकार का कहना है कि, एक ही दिन में यहां 508576 लोगों को कोरोना वैक्सीन दी गई है। जिसमें सर्वाधिक 65197 लोगों को डोज अहमदाबाद जिले में दी गई। 24 घंटे के भीतर 5 लाख से ज्यादा लोगों के टीकाकरण का यह दावा वाकई चौंकाने वाला है। स्वास्थ्य विभाग के इस कहे पर भरोसा किया जाए तो यह काफी राहत की बात भी है। विभाग का कहना है कि, बीते गुरुवार तक राज्य में कोरोना वैक्सीन के कुल 30655572 डोज दिए जा चुके हैं। और, राज्य में बीती 16 जनवरी से शुरू हुए वैक्सीनेशन के बाद संभवत: गुरुवार को ही सर्वाधिक टीकाकरण हुआ।

अब तक 3 करोड़ से अधिक डोज दे चुके
केंद्र सरकार जहां पूरे देश में 40 करोड़ से ज्यादा वैक्सीनेशन के डोज देने की बात कर रही है। वहीं, अकेले गुजरात में अब तक 3 करोड़ से अधिक डोज दिए जाने का दावा किया जा रहा है। गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश और यूपी भाजपा की सत्ता वाले राज्य ही हैं और इनकी सरकारों का कहना है कि वे करोड़ों लोगों का टीकाकरण करा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक देश में कोरोना वैक्सीन के 42,78,82,261 डोज लोगों को दिए जा चुके हैं। जिनमें बड़ा हिस्सा भाजपा शासित प्रदेशों का ही है।

10 हजार से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई
गुजरात में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या की बात की जाए तो राज्य सरकार का कहना है कि, अब तक 10,076 लोग मरे हैं। हालांकि, जमीनी सच्चाई इससे काफी अलग है। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, असल में यहां सरकारी आंकड़े से कई गुना ज्यादा मौतें हुईं और वायरस का संक्रमण भी लाखों लोगों तक फैला। हालांकि, सरकार इस बात को कहती है कि, गुजरात देश का 12वां ऐसा राज्य है, जहां कोरोना के 8 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो गुजरात का रिकॉर्ड अन्य राज्यों के मुकाबले काफी बेहतर बताया जा रहा है। हालांकि, अब तक कोरोना से यहां 10 हजार से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है।












Click it and Unblock the Notifications