साबरमती नदी में कूदने वाली आयशा की आखिरी 70 मिनट की कॉल रिकॉर्डिंग,पति ने कहा- जा तू मर जा और वीडियो भेज देना
अहमदाबाद: आयशा, पूरा नाम आयशा बानो मकरानी पिछले कई दिनों से इस 23 साल की लड़की का मुस्कराता हुआ चेहरा हमसब के जेहन में है। आयाशा ने 25 फरवरी 2021 को अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसके फौरन बाद वो गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। राजस्थान की रहने वाली आयशा के पति आरिफ को बाद में पाली से गिरफ्तार किया गया। आरिफ फिलहाल अहमदाबाद पुलिस की हिरासत में है। आयशा खुदकुशी मामले में पुलिस के हाथ एक बड़ी लीड लगी है। पुलिस को आयशा की वो आखिरी 70 मिनट की कॉल रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें आयशा ने आत्महत्या करने से ठीक पहले अपने पति आरिफ से बात की थी। अहमदाबाद पुलिस ने 70 मिनट की कॉल रिकॉर्डिंग को एक्सेस कर लिया है, जिसमें पति आरिफ को आयशा से कहते सुना जा सकता है, ''जा तू मर जा और वीडियो मुझे भेज देना।''

आयशा ने आखिरी 70 मिनट में पति से क्या बात की?
बताया जा रहा है कि इस रिकॉर्डिंग से कई राज खुलने की आशंका है। अहमदाबाद पुलिस ने आरिफ का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है,जिससे ये पता चला है कि साबरमती नदी में कूदकर जान देने से पहले आयशा ने अपने पति आरिफ से 70 मिनट तक बात की थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को 70 मिनट की जो ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है, उसमें आयशा अपने पति से दोनों के रिश्तों के बारे में बात कर रही थीं। इस फोन कॉल में आयशा और आरिफ के बीच दहेज को लेकर भी बातचीत हुई है। इस कॉल के दौरान आरिफ ने आयशा को दहेज उत्पीड़न का केस वापस लेने की धमकी भी दी।
दोनों के बीच बीते दिनों के कई मसलों पर बात हुई थी। लेकिन आरिफ का रैवया काफी सख्त था। इसी बीच आरिफ ने आयशा को कहा कि वो जाकर मर जाए और उसका वीडियो उसे भेज दे। इसलिए आयशा ने नदी में कूदने से पहले वो आखिरी वीडियो बनाया और अपने पति आरिफ को भेजा।

आयशा के परिवार का आरोप- आरिफ का अफेयर चल रहा था
आयशा के परिवार ने पुलिस को बताया है कि आरिफ का किसी और दूसरी लड़की के साथ अफेयर चल रहा था। परिवार वालों ने ये भी कहा कि आयशा को इस बारे में पता था। आरिफ उस लड़की की महंगी शौक को पूरा करने के लिए आयशा से बार-बार पैसे मांगता था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरिफ तीसरी महिला की वजह से आयशा को दहेज के पैसे लाने के लिए परेशान करता था या नहीं?
आरिफ के मोबाइल से पुलिस उस तीसरी लड़की का भी पता लगाने की कोशिश में लगी है। पुलिस ये जांच कर रही है कि आखिर आरिफ का सच में किसी अन्य लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग का मामला तो नहीं था।

आयशा ने आरिफ के खिलाफ दर्ज कराया था दहेज उत्पीड़न का केस
आयशा ने साल 2020 में आरिफ और उसके परिवार वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करवाया था। आयशा ने ये केस अहमदाबाद के वटवा पुलिस थाने में किया था। इस मामले को लेकर आरिफ और उसके परिवार वालों की पुलिस ने गिरफ्तारी भी की थी लेकिन इसके बाद वो सारे लोग बेल पर छूट गए थे।
आयशा के पिता लियाकत अली ने कहा, आयशा की शादी जुलाई 2018 में राजस्थान के जालौर के रहने वाले आरिफ खान से हुई थी। हालांकि, शादी के बाद से ही आयशा के ससुराल वाले उससे दहेज की मांग करने लगे थे। मैंने उन्हें कुछ पैसे दिए लेकिन उनका लालच बढ़ गया था। महीनों पहले, आरिफ ने लड़ाई के बाद आयशा को वापस मेरे घर पर भेज दिया। उसने फोन पर उससे बात करना भी बंद कर दिया था। ये सब दर्द वो झेल नहीं पाई और उसने खुद को मारने का फैसला कर लिया।''