Ahmedabad Mumbai Rail Corridor: 508 किमी लंबे हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में 25 पुल और सी-टनल, ओपनिंग पर अपडेट
Ahmedabad Mumbai Rail Corridor: मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (MAHSR) देश की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना है। इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जापान के सहयोग से विकसित हो रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है, जिसमें 352 किमी हिस्सा गुजरात और 156 किमी महाराष्ट्र में पड़ता है। सूत्रों के मुताबिक, डेडलाइन 15 अगस्त 2027 रखा गया है।
इस कॉरिडोर पर कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं: साबरमती, अहमदाबाद, आनंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई (बीकेसी)। बुलेट ट्रेन के संचालन के बाद अहमदाबाद से मुंबई के बीच यात्रा समय घटकर महज 2 घंटे 7 मिनट रह जाएगा, जबकि वर्तमान में यही सफर 6 से 7 घंटे लेता है।

Ahmedabad Mumbai Rail Corridor: 25 में से 17 पुल तैयार
- निर्माण कार्य की प्रगति की बात करें तो अब तक 334 किलोमीटर वियाडक्ट (पुल संरचना) और 417 किलोमीटर पिलर का निर्माण पूरा किया जा चुका है। 25 में से 17 नदी पुल तैयार हो चुके हैं।
- महाराष्ट्र के पालघर क्षेत्र में फरवरी 2026 में दूसरी पहाड़ी सुरंग का सफल 'ब्रेकथ्रू' भी हो चुका है, जो परियोजना की गति को दर्शाता है।
- सबसे अहम हिस्सों में से एक ठाणे क्रीक के नीचे बन रही 7 किलोमीटर लंबी अंडर-सी रेल टनल है, जो भारत की पहली समुद्र के नीचे बनने वाली रेल सुरंग होगी। यह इंजीनियरिंग की दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण परियोजना मानी जा रही है।
Ahmedabad Mumbai Bullet Train: 15 अगस्त तक चालू करने का लक्ष्य
महत्वपूर्ण समय-सीमा के अनुसार, सूरत से बिलिमोरा के बीच पहला ट्रायल रन 2026 के अंत तक शुरू करने की योजना है। रेलवे मंत्रालय की ओर से दिए अपडेट के मुताबिक, परियोजना का पहला चरण 15 अगस्त 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे कॉरिडोर के दिसंबर 2029 तक परिचालन में आने की उम्मीद है। बुलेट ट्रेन 320 किमी प्रति घंटे की ऑपरेशनल स्पीड से चलेगी।
हवाई सफर की तुलना में होगा कम किराया
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार किराया हवाई यात्रा और फर्स्ट-एसी ट्रेनों के मुकाबले प्रतिस्पर्धी रखा जाएगा। अनुमान है कि किराया ₹3,000 से ₹5,000 के बीच हो सकता है। यह परियोजना न केवल यात्रा समय में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी, बल्कि गुजरात और महाराष्ट्र के बीच आर्थिक गतिविधियों, निवेश और कनेक्टिविटी को भी नई गति देगी।












Click it and Unblock the Notifications