राघव चड्ढा आ रहे गुजरात, AAP की चुनावी रणनीति बनाने में जुटेंगे, जानें दौरे में क्या होगा खास
राजकोट। आम आदमी पार्टी (AAP) के युवा नेता व राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा गुजरात में अपना चुनावी मिशन शुरू करने जा रहे हैं। सह प्रभारी बनने के बाद चड्ढा का कल पहला गुजरात दौरा होगा। सूत्रों के हवाले से यह खबर आई है कि, वह 24 सितम्बर की सुबह राजकोट पहुंचेंगे। बताया जा रहा है कि, उनकी आप के कार्यकर्ताओं और सीनियर लीडरशिप के साथ अहम मुलाकात होगी। उसके बाद दोपहर में बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस हो सकती है।

बता दें कि, हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) की आलाकमान ने यह फैसला लिया था कि, गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के लिए प्रभावी ढंग से चुनावी रणनीति बनाने के लिए 'आप' के विधायक व शीर्ष नेता गुजरात आएंगे। इसके अलावा ऐसी खबरें हैं कि पंजाब की तरह गुजरात में भी चड्ढा का अहम रोल होगा। पिछले दिनों चड्ढा गुजरात चुनाव के संदर्भ में बड़ा बयान भी दिया। चड्ढा ने कहा कि, अब गुजरात बदलाव चाहता है। उन्होंने कहा था, ''हम यहां भाजपा के 27 वर्षों के कुशासन के खिलाफ मजबूती से लड़ने को तैयार हैं।'

सूत्रों ने बताया कि, सह प्रभारी बनने के बाद राघव चड्ढा का पहला गुजरात दौरा होने जा रहा है। कल यानी कि 24 सितम्बर को चड्ढा गुजरात दौरे के दौरान शाम में महात्मा गांधी के बचपन के निवास स्थान पहुंचकर बापू का आशीर्वाद लेंगे।
गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर राघव चड्ढा ने 16 सितंबर को ट्वीट कर कहा था, ''पार्टी जो भी ज़िम्मेदारी देगी उसके लिए तैयार हूं।' और उससे एक दिन पहले ही वनइंडिया हिंदी ने यह खबर प्रकाशित की थी कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के अहम सूत्रधार एवं पंजाब के सह-प्रभारी रहे राघव चड्ढा को गुजरात में भी बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी जाएगी।

बहरहाल, राघव चड्ढा राज्यसभा के सांसद हैं। वह दिल्ली और पंजाब में अहम पदों पर काम कर चुके हैं। उन्हें, कुशल राजनीतिज्ञ और प्रशासक माना जाता है। वह अरविंद केजरीवाल के सबसे करीबी नेताओं में से एक हैं। राजनीतिज्ञों के अनुसार, आम आदमी पार्टी की रणनीति है कि, गुजरात में युवा मतदाता भी न छिटकें और उनका भरपूर समर्थन मिले, इसलिए पार्टी अब अपने युवा नेता को गुजरात भेजेगी। गुजरात में अब तक पार्टी की ओर से सूबे में 20 से ज्यादा उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा चुके हैं। वहीं, पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ताबड़तोड़ गुजरात दौरे कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications