गुजरात: डिप्टी CM नितिन पटेल पर चप्पल फेंकने वाले का पता चल गया, कांग्रेसी नहीं भाजपा कार्यकर्ता ही था
वडोदरा। गुजरात में डिप्टी सीएम नितिन पटेल पर चप्पल फेंकने वाले शख्स का पता चल गया है। वह शख्स भाजपा कार्यकर्ता ही था। पार्टी में वह कई पदों पर भी रह चुका है। उसने डिप्टी सीएम पर चप्पल क्यों फेंकी, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की और अरेस्ट कर लिया। उसका नाम रश्मिन पटेल बताया जा रहा है।

डिप्टी सीएम पर चप्पल फेंके जाने की घटना वडोदरा जिले के करजण क्षेत्र में स्थित कुराली गांव की है। नितिन पटेल विधानसभा उप चुनाव के लिए जनसभा कर रहे थे। उसके बाद जैसे ही उन्होंने प्रेस ब्रीफिंग दी, उनके पीछे से चप्पल मारी गई। हालांकि, वह चप्पल उनमें लगी नहीं और माइक से टकराकर नीचे गिर गई। वहीं, चप्पल फेंकने के बाद युवक मौके से फरार हो गया था। इस मामले में ताज्जुब की बात यह है कि, घटना के वक्त मौके पर पुलिस भी मौजूद थी इसके बावजूद वह युवक आसानी से रफ्फूचक्कर हो गया। इस घटना के बाद नितिन पटेल ने प्रेस ब्रीफिंग बंद नहीं की, बल्कि लगातार बोलते रहे।

अब उस शख्स की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारी ने कहा कि, वह शख्स रश्मिन पटेल हमारी गिरफ्त में है और उससे पूछताछ की जा रही है। वह वर्ष 2010 से 2013 तक शिनोर तालुका पंचायत में कारोबारी चेयरमैन रहा। वहीं, उसकी पत्नी शिनोर में सरपंच थी। इस दौरान रश्मिन पटेल करजण के पूर्व भाजपा विधायक सतीष पटेल के दल का सक्रिय कार्यकर्ता था। 2013 से 2015 तक शिनोर पंचायत का सदस्य रहा।













Click it and Unblock the Notifications