गुजरात में 5 लाख महिलाओं ने किया हैंडवॉश, क्यों मना ये अनोखा उत्सव, क्या बोले मुख्यमंत्री रूपाणी
गांधीनगर। गुजरात में बीते रोज एक अनोखा प्रयोग हुआ, जिसमें राज्यभर के 3800 से ज्यादा स्थानों पर 5 लाख महिलाओं ने हैंडवॉश व सैनिटाइजिंग किया। यह सब महात्मा गांधी के 151वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में स्वच्छता दिवस को ध्यान में रखकर किया गया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, ''गांधीजी ने हमेशा स्वच्छता का ध्यान रखा। अब कोरोना के दौर में महिलाओं ने बड़ी संख्या में हैंडवॉश कर व मास्क पहनकर, महामारी से लड़ने का संकल्प जताया है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई जीतने के लिए हमें सोशल डिस्टेसिंग भी अपनानी होगी। हैण्ड वॉशिंग का कैम्पेन सही काम है और यह सही समय पर हुआ।'
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, ''गुजरात की नारी शक्ति का यह अभियान कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जीत हासिल करेगा। वाकई, कोरोना को हराने में यह अभियान सभी को नई प्रेरणा देगा। इससे ग्रामीण इलाकों में भी जागरुकता आएगी।''
देश में पहली बार गुजरात से शुरू हो रही सी-प्लेन सेवा, 220 KM का सफर 45 मिनट में हो जाएगा पूरा
रूपाणी ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए 835 नंदघरों का ई-शिलान्यास व लोकार्पण भी किया। साथ ही आंगनवाडी कार्यकर्ता और तेडाघर महिलाओं (बच्चों को लाने और ले जानेवाली महिलाओं) को माता यशोदा अवार्ड से सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम के जरिए 59 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से बने 835 नंदघर और विभिन्न केन्द्रों का ई-शिलान्यास किए जाने की जानकारी दी गई।