MMMUT ने देश के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में हासिल की यह शानदार रैंकिंग, इस कैटगरी में मिला पहला स्थान
MMMUT Gorakhpur Latest News In Hindi Uttar Pradesh: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर की शैक्षणिक और शोध गुणवत्ता फिर से प्रमाणित हुई है। इस बार विश्वविद्यालय के पठन पाठन, शोध आदि की गुणवत्ता पर टाइम्स इंजीनियरिंग सर्वे 2024 ने मुहर लगाई है। टाईम्स इंजीनियरिंग सर्वे 2024 में एम एम एम यू टी को देश के 175 तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 36वाँ स्थान मिला है। इसी प्रकार इस सर्वे में एम एम एम यू टी को उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 6वाँ स्थान मिला है जबकि राज्य तकनीकी विश्वविद्यालयों/ संस्थानों में प्रदेश में एम एम एम यू टी प्रथम स्थान पर है।
इस सर्वेक्षण में एच बी टी यू कानपुर को देश भर में 115वाँ स्थान मिला है। यह सर्वेक्षण टाइम्स ऑफ इंडिया समूह के आनुषंगिक संगठन टाइम्स इंटरनेट लिमिटेड द्वारा किया गया है। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य देश भर के निजी और सरकारी क्षेत्र के उत्कृष्ट तकनीकी शिक्षण संस्थानों की पहचान करने, विद्यार्थियों एवं तकनीकी संस्थानों के अन्य हितधारकों के अनुभवों को समझने और विद्यार्थियों को अच्छा कॉलेज चुनने में मदद करने के मकसद से किया गया था। सर्वेक्षण के दो हिस्से थे। पहले हिस्से में देश के महत्वपूर्ण शहरों में स्थित तकनीकी शिक्षण संस्थानों के बारे में आमजन की क्या राय है, यह जानने की कोशिश की गई।

इसके लिए कंपनियों में कार्यरत एचआर पेशेवरों, तकनीकी संस्थाओं के शिक्षकों, पूर्व छात्र, वर्तमान छात्र और उम्मीदवारों से जानकारी एकत्रित की गई, जिसमें बुनियादी ढांचा, फैकल्टी, पाठ्यक्रम, उद्योग से संपर्क, शिक्षण पद्धति, शोध, वैश्विक एक्सपोज़र, प्लेसमेंट और ब्रांड मूल्य जैसे कारकों के बारे में राय ली गई। दूसरा हिस्सा तथ्यात्मक सर्वेक्षण से संबंधित था। इसमें 1,500 से अधिक कॉलेजों को शामिल किया गया, जिनसे फैकल्टी, बौद्धिक संपदा, उद्योग संपर्क, प्लेसमेंट, नेटवर्किंग, एक्सचेंज प्रोग्राम, वैश्विक एक्सपोज़र, शोध और पूर्व छात्रों से संबंधित सूचना एकत्रित की गई। सर्वेक्षण में व्यापक भौगोलिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया गया। परिणामों के विश्लेषण के उपरांत वर्ष 2024 के शीर्ष 175 संस्थानों की रैंकिंग प्रकाशित की गई।
पिछले लगभग एक वर्ष में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और शोध गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। वर्ष 2024 की NIRF रैंकिंग में एम एम एम यू टी को देश भर के तकनीकी संस्थाओं में 84वाँ, विश्वविद्यालय श्रेणी में 94वाँ और सरकारी राज्य विश्वविद्यालय श्रेणी में 40वाँ स्थान मिला था। उसके बाद जारी हुई क्यू एस रैंकिंग में एम एम एम यू टी को दक्षिण एशिया में 292वाँ और एशिया में 901वाँ स्थान मिला था। हाल ही में ए डी रैंकिंग में विश्वविद्यालय के 114 शोधकर्ताओं को स्थान मिला था। आई आई आर एफ रैंकिंग में बी बी ए पाठ्यक्रम को देश भर में 19वाँ और प्रदेश में पहला स्थान मिला था। इसी प्रकार, स्पेन की ट्रांसपेरेंट रैंकिंग में भी विश्वविद्यालय को सम्मानजनक स्थान मिला था। रैंकिंग की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने एक दूसरे को बधाई दी और उम्मीद जताई कि भविष्य में इन रैंकिंग्स में और उछाल आएगा।












Click it and Unblock the Notifications