प्रेमिका को नागवार गुजरी प्रेमी की 'वो' बात, पुराने आशिक के साथ मिलकर दी हत्या की सुपारी
Gorakhpur news, गोरखपुर। कुशीनगर में पुलिस ने टीचर पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा करते हुए शूटर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि टीचर की प्रेमिका ने ही अपने पूर्व प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की सुपारी दी थी। बता दें, घायल टीचर का लखनऊ में इलाज चल रहा है।

प्रेमिका ने दी प्रेमी की सुपारी
कुशीनगर के कठकुईयां नहर के पास उदित नरायण इंटर कॉलेज के वित्तविहीन शिक्षक नित्यानंद तिवारी को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी थी। गोली लगने के बाद नित्यानंद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि नित्यानंद की हत्या की साजिश उसकी प्रेमिका पूनम ने ही रची थी। पूनम ने अपने पुराने आशिक शराफुद्दीन की मदद से असलम अंसारी को 50 हजार रुपए की सुपारी दे दी। पूनम और उसके पुराने आशिक ने 20 हजार रुपए एडवांस भी दे दिए थे।

शूटर ने मारी गोली
साजिश के तहत असलम ने छात्र का अभिभावक बनकर कई बार नित्यानंद को फोन कर अपने घर कठकुईंया बुलाया। एक दिन नित्यानंद वहां पहुंचा। असलम पहले से घात लगाकर बैठा था। जैसे ही नित्यानंद मौके पर पहुंचा, असलम ने उसपर फायर कर दिया। हालांकि, गनीमत रही कि समय से अस्पताल पहुंचने की वजह से नित्यानंद अभी जीवित हैं।

क्यों रची हत्या की साजिश ?
एसपी कुशीनगर राजीव नारायन मिश्र ने बताया कि पूनम के जीजा से नित्यानंद के अच्छे संबंध थे, जिसके कारण पूनम से उनकी नजदीकी बढ़ गई थी। कुछ दिन बाद नित्यानंद को पूनम के पुराने प्रेमी के बारे मेंं पता चल गया। उसने पूनम के जीजा से शिकायत करते हुए उसकी शादी कराने की सलाह दी। यह बात पूनम को नागवार गुजरी और उसने नित्यानंद को मौत को घाट उतारने के लिए जाल बुन दिया। फिलहाल, पूनम, उसका प्रेमी शराफुद्दीन और हत्या की सुपारी लेने वाला असलम पुलिस के शिकंजे में है। वहीं, नित्यानंद का इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications