DDU Univesity:माइक्रोबायोलॉजिस्ट्स सोसाइटी ऑफ इंडिया ने इन तीन छात्राओं को दिया "सर्वश्रेष्ठ छात्र" का अवॉर्ड
DDU University Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की तीन छात्राओं को माइक्रोबायोलॉजिस्ट्स सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा शैक्षणिक सत्र 2023-2024 में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने के लिए "सर्वश्रेष्ठ छात्र" (Best Student Award) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस पुरस्कार का उद्देश्य जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट अकादमिक प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करना और सम्मानित करना है।
पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राएं - नयनिका यादव, दीक्षांशिखा गुप्ता एवं पद्मजा द्विवेदी हैं। तीनों छात्राएं बायोटेक्नोलॉजी विभाग में 2022-2024 बैच की पूर्व छात्राएं रही हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण एवं अनुकरणीय उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, "यह सम्मान हमारे विश्वविद्यालय की गुणवत्ता, नवाचार और अकादमिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मैं नयनिका, दीक्षांशिखा और पद्मजा को उनकी सफलता के लिए बधाई देती हूँ। उन्होंने न केवल अपने विभाग को गौरवान्वित किया है, बल्कि आने वाली पीढ़ी की छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी हैं। विश्वविद्यालय प्रतिभाओं के संवर्धन और प्रोत्साहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।"
आज, जैव प्रौद्योगिकी विभाग के समस्त सदस्यों ने इन छात्राओं को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विभागाध्यक्ष प्रो. राजर्षि कुमार गौर, वरिष्ठ प्रोफेसर दिनेश यादव, प्रो. शरद कुमार मिश्रा, सहायक प्राध्यापक डॉ. पवन कुमार दोहरे व डॉ. गौरव सिंह सहित सभी शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने करियर में उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों को छुएंगी।
विभागाध्यक्ष प्रो. राजर्षि कुमार गौर ने बताया कि विभाग के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग हमेशा ऐसे छात्रों को पुरस्कृत करता है।












Click it and Unblock the Notifications