UP: गोरखपुर में तैयार होगी स्पोर्ट्स सिटी, खिलाड़ियों को मिलेगी यह खास सुविधा
गोरखपुर में जल्द ही स्पोर्ट्स सिटी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जमीन की तलाश कर ली गई है।

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गोरखपुर में स्पोर्ट्स सिटी बनाने का निर्णय लिया है। जीडीए ने इसकी तैयारी भी कर ली है। 25 एकड़ में बनने वाले इस स्पर्ट्स सिटी में खिलाड़ियों की सुविधाओं का खास ध्यान रखा जाएगा । इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफार्म मिलेगा।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने स्पोर्ट्स सिटी बनाने के लिए मानबेला के पास राप्तीनगर विस्तार योजना में 25 एकड़ जमीन की तलाश कर ली है। इसमें कई खेलों के लिए बहुउद्देशीय स्टेडियम, इनडोर स्टेडियम, मीटिंग हॉल उपलब्ध होगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए हाॅस्टल, आवासीय योजना और व्यावसायिक कांप्लेक्स की सुविधा विकसित की जाएगी। जल्द ही बेंगलुरु, मुंबई में बनी स्पोर्ट्स सिटी देखने के लिए एक टीम रवाना होगी। वहां से आने के बाद यह टीम गोरखपुर स्पोर्ट्स सिटी की योजना तैयार करेगी।
खिलाड़ियों को मिलेंगी यह सुविधाएं
गोरखपुर में स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण के बाद खिलाड़ियों को खास सुविधाएं मिलेंगी। यह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। स्पोर्ट्स क्लीनिक, होटल, मनोरंजन पार्क, मल्टीप्लेक्स और शॉपिंग मॉल, हेल्थ और फिटनेस सेंटर भी होंगे। प्रीमियम श्रेणी के एकल आवास, विला एवं ग्रुप हाउसिंग का निर्माण भी कराया जाएगा।
जीडीए उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि यहां जल्द ही स्पोर्ट्स सिटी का निर्माण किया जाएगा, जो अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। जल्द ही प्राधिकरण के अभियंताओं की एक टीम मुबंई, बेंगलुरु के स्पोर्ट्स सिटी का दौरा करेंगे। वहां से लौटने के बाद यहां बनने वाले स्पोर्ट्स सिटी का प्रारुप तैयार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications