प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता के लिए होना पड़ेगा सजग- अपर महाप्रबंधक
Gorakhpur News: पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय, गोरखपुर तथा लखनऊ, वाराणसी एवं इज्जतनगर मण्डलों पर 16 सितम्बर से 02 अक्टूबर, तक 'स्वच्छता पखवाड़ा' का आयोजन किया गया। जिसके समापन दिवस 02 अक्टूबर को गांधी जयन्ती के अवसर पर गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-2 पर अपर महाप्रबन्धक दिनेश कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में स्वच्छता सम्बन्धित अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये।
अपर महाप्रबन्धक ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया एवं श्रद्धा सुमन अर्पित किया तथा प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया। अपर महाप्रबन्धक श्री सिंह ने स्टेशन पर याँत्रिक विभाग द्वारा लगाई गई स्वच्छता प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर अपर महाप्रबन्धक सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों को सूती कपड़े का कैरी बैग प्रदान कर सम्मानित किया। पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ, गोरखपुर के सदस्यों द्वारा 'कचरा प्रबन्धन' पर प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य याँत्रिक इंजीनियर एम.के. अग्रवाल, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर अपर महाप्रबन्धक दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि स्काउट एवं गाइड की प्रस्तुति काफी उत्कृष्ट एवं सराहनीय रही, जिसमें प्रस्तुति का आधार 'कचरा प्रबन्धन' रहा, जिसे सभी को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रेलवे कालोनियों एवं रेल परिसर में कचड़े का निस्तारण उचित प्रकार से किया जा रहा है तथा रेलवे कचरा प्रबन्धन सही तरीके से करने के लिये प्रयत्नशील है। उन्होने कहा कि स्वच्छता के प्रयास तो बहुत किये जा रहे हैं परन्तु जब तक हर नागरिक स्वच्छता के प्रति सजग नहीं होता तब तक स्वच्छता अभियान सफल नहीं हो पायेगा। भारत देश को पूरी तरह स्वच्छ बना कर गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि हम अपने देश को साफ-सुथरा रखें।












Click it and Unblock the Notifications