Gorakhpur News: 'स्वच्छता ही सेवा अभियान' के तहत गोरखपुर में आयोजित होंगे 6 सौ से अधिक कार्यक्रम
Gorakhpur News: गांधी जयंती के अवसर में पूरे प्रदेश में स्वच्छता सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम अभियान मनाया जाएगा। इसके तहत एक अक्टूबर को सुबह दस बजे स्वच्छता के लिए श्रमदान किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे महानगर में छह सौ से अधिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके लिए महानगर के सभी पार्षदों की बैठक मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव व नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की उपस्थिति में हुई।
मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में महानगर के समस्त वार्डो में महासफाई अभियान चलाये जाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सफाई का मेगा इवेन्ट भी आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया। मेगा इवेन्ट के तहत रामगढताल क्षेत्र में स्थित दिग्विजय नाथ पार्क, सर्किट हाउस, चम्पा देवी पार्क, अम्बेडकर पार्क, नौका विहार एवं क्षेत्र में स्थित समस्त सार्वजनिक स्थलों एवं कालोनियों में सफाई के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त महानगर के समस्त वार्डो में कुल 626 कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम में रेलवे ट्रैक और स्टेशन, हवाई अड्डे और आसपास के क्षेत्र, सड़क के किनारे (एनएच, एसएच, स्थानीय), जल निकाय, घाट, मलिन बस्तियां, पुल के नीचे, बाजार स्थान, बैकलेन, पूजा स्थल, सार्वजनिक और निजी कार्यालयों के आसपास के क्षेत्र, पर्यटक स्थान, बस स्टैंड और टोल प्लाजा, चिड़ियाघर और वन्यजीव क्षेत्र, गौशाला, आवासीय क्षेत्र, स्वास्थ्य संस्थान और निकटवर्ती क्षेत्र, आंगनबाड़ियों के आसपास के क्षेत्र, स्कूलों और कॉलेजों के आसपास के क्षेत्रो में साफ-सफाई के अतिरिक्त जागरूकता अभियान और प्रतिज्ञा, जनप्रतिनिधियों, विधायकगण, एवं जनता के माध्यम से श्रमदान, गौशालाओं में स्वच्छता अभियान, स्वतन्त्रता सेनानियों के स्मारकों एवं मूर्तियों की साफ-सफाई आदि का कार्य किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications