सीएम सिटी में डबल मर्डर से हड़कंप, सर्जिकल ब्लेड से गला रेतकर झाड़ियों में फेंकी दम्पति की लाश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर के ग्रामीण इलाके में हाइवे के किनारे झाड़ियों में महिला और पुरुष की खून से सनी लाश मिली है। दोनों की शिनाख्त पति-पत्नी के रूप में हुई है। दोनों की गला काटकर नृशंस तरीके से हत्या करने के बाद लाश को हाइवे के किनारे फेंक दिया गया। मौके से पुलिस ने सर्जिकल ब्लेड और ग्लब्स बरामद किया है।
झाड़ियों में मिला पति-पत्नी का शव
खोराबार थाना क्षेत्र के आजाद नगर चौकी के तहत महुईसुधरपुर निवासी 35 वर्षीय रवीन्द्र साहनी और उनकी पत्नी 32 वर्षीय संगम देवी की हत्या कर लाश को झाड़ियों में फेंक दिया गया। मृतक के छोटे भाई भीम यादव ने बताया कि उसकी भाभी संगम देवी गुरुवार की शाम 4.30 बजे घर से दाउदपुर जाने के लिए निकली थी। उन्होंने बताया था कि वहीं पर पति रविन्द्र साहनी भी आ रहे हैं। उसके बाद से ही उनका मोबाइल स्विच ऑफ जा रहा था। शुक्रवार की सुबह दोनों की लाश सहजनवां के भक्सा गांव के पास मिली।
किसी से नहीं थी दुश्मनी
रविन्द्र प्लम्बर का काम ठेके पर लेकर करवाता था। उसकी जेब में 15 हजार रुपए और बुलेट मोटरसाइकिल की चाभी भी मिली है, जबकि मोटरसाइकिल और दोनों का कहीं पता नहीं चला है। मृतक के पिता अर्जुन निषाद ने बताया कि उनके दो छोटे बेटे भी हैं। 15 साल पहले शादी हुई थी। उनकी हत्या क्यों और किसने की है ये समझ में नहीं आ रहा है। उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी।
पुलिस कर रही जल्द खुलासे का दावा
एसपी नार्थ अरविन्द कुमार पांडेय ने बताया कि लाश को देखकर ऐसा लग रहा है कि दोनों की हत्या कहीं और करने के बाद लाश को यहां फेंक दिया गया है। किसी धारदार हथियार से गला काटकर दोनों की हत्या की गई है। पुलिस ने दोनों की शिनाख्त कर ली है। पुलिस को इस मामले में अहम सुराग मिले हैं। सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर देगी।
ये भी पढ़ें : स्कूल में अश्लील फिल्म देखते रंगे हाथों पकड़े गए 'गुरुजी', सस्पेंड