New Year 2023: नए साल में इन खास योजनाओं से बदल जाएगी गोरखपुर की सूरत
गोरखपुर को नए साल में कई बड़े सौगात मिलने वाले हैं। इनमें सिक्सलेन,फोरलेन,फ्लाईओवर सहित कई चीजें शामिल हैं।

Gorakhpur News: नया साल गोरखपुरवासियों के लिए कुछ खास सौगात लेकर आएगा। विकास को और पंख लगेंगे तो सीएम सिटी को नई पहचान मिलेगी। आर्थिक व सामाजिक स्थिति और सुधरेगी तो औद्योगिक गलियारों में हलचल तेज होगी। जी हां नए साल पर जनपदवासियों को एक सिक्सलेन,तीन फोरलेन, एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल,खजांची फ्लाईओवर सहित कई सौगात मिलने वाली है। इनका कार्य तेजी से चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद से यह सारी चीजें मिलकर गोरखपुर को एक नई व अलग पहचान देंगी।

मिलेगा अत्याधुनिक टर्मिनल
नए साल में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को गोरखपुर एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल की सुविधा मिलेगी। इसका काम तेजी से चल रहा है। इस टर्मिनल में लगभग 350 यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। ऑटोमेटिक सीढ़ियां,फूल प्लाजा व वाई-फाई कनेक्टिविटी के साथ कई सुविधाएं मिल सकेंगी।

बढ़ेगी उड़ानों की संख्या
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक,नए साल में चेन्नई,अहमदाबाद सहित कई अन्य जगहों के लिए हवाई सेवा शुरु की जा सकती है। यात्रियों की संख्या में आए दिन बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। वर्तमान में मुंबई-दिल्ली के लिए तीन-तीन जबकि कोलकाता, हैदराबाद और प्रयागराज के लिए एक-एक विमान सेवा यात्रियों को मिल रही है। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर नये साल से 24 घंटे एंबुलेंस सेवा मिलेगी।

सिक्सलेन,फोरलेन से मिलेगी नई रफ्तार
जनपदवासियों को नए साल में तीन फोरलेन का तोहफा मिलेगा। शहर में ट्रांसपोर्ट नगर से देवरिया बाईपास तक सिक्सलेन का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना पर 450.70 करोड़ व्यय होंगे।इसके साथ ही पैडलेगंंज से फिराक गोरखपुरी चौराहा तक फोरलेन का निर्माण किया जाएगा।
देवरिया बाईपास को न केवल चौड़ा कर फोरलेन बनाया जाएगा बल्कि यह मॉडल फोरलेन का उदाहरण होगा। इसके किनारे लाइटें,बीच में पॉम ट्री,रेलिंग बनायी जाएगी।

बनेगा ओवरब्रिज
फोरलने के साथ ही ओवरब्रिज का का निर्माण भी होगा। यहां तीन नए ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। जिनका काम जल्द ही शुरु होने जा रहा है। जेल बाईपास फोरलेन (बरगदवां से कौवाबाग) पर खजांची चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही गोरखनाथ ओवरब्रिज के समानांतर एक और ओवरब्रिज बनेगा। यह 776.32 मीटर का होगा।

कुसम्ही हाथी सफारी की सौगात
इसके साथ ही जनपदवासियों को नए साल पर कुसम्ही जंगल में हाथी सफारी की सौगात मिल सकती है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उम्मीद है नए साल में यह तोहफा पर्यटकों के लिए नया आकर्षण होगा।












Click it and Unblock the Notifications